1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. तेजी से आगे बढ़ रहा है मानसून, देशभर में सामान्य से 31 प्रतिशत ज्यादा हुई बारिश

तेजी से आगे बढ़ रहा है मानसून, देशभर में सामान्य से 31 प्रतिशत ज्यादा हुई बारिश

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jun 15, 2020 08:08 am IST,  Updated : Jun 15, 2020 08:08 am IST

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की रविवार की रिपोर्ट के अुनसार, पूरे देश में इस साल मानूसन के दौरान लंबी अवधि के औसत यानी एलपीए से 31 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।

SW Monsoon in progress, 31 per cent more rainfall than normal in 14 days- India TV Hindi
SW Monsoon in progress, 31 per cent more rainfall than normal in 14 days Image Source : GOOGLE

 

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून एक जून को केरल तट पर दस्तक देने के बाद देश के अन्य हिस्सों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मानसून गुजरात, संपूर्ण महाराष्ट्र को कवर करते हुए मध्यप्रदेश के कुछ इलाके, छत्तीसगढ़ और झारखंड के ज्यादातर क्षेत्रों से होते हुए बिहार के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है। बीते 14 दिनों के दौरान देशभर में सामान्य से 31 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की रविवार की रिपोर्ट के अुनसार, पूरे देश में इस साल मानूसन के दौरान लंबी अवधि के औसत यानी एलपीए से 31 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। उत्तर-पश्चिम भारत में जहां इस दौरान 22.8 मिलीमीटर बारिश होती है, वहां इस साल 27.2 मिलीमीटर यानी सामान्य से 19 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है।

वहीं, मध्य भारत में जहां इस दौरान 46.9 मिलीमीटर बारिश होती है, वहां इस साल 91 मिलीमीटर यानी सामान्य से 94 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में इस दौरान 66.9 मिलीमीटर बारिश होती है, जबकि इस साल 80.2 मिलीमीटर यानी सामान्य से 20 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में इस दौरान जहां सामान्य रूप से 137.4 मिलीमीटर बारिश होती है, वहां इस साल 131.8 मिलीमीटर यानी सामान्य से चार प्रतिशत कम बारिश हुई है। पूरे भारत में बीते 14 दिनों के दौरान 75.8 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि इस दौरान औसतन 57.8 मिलीमीटर बारिश होती है। इस प्रकार मानसून के आगमन के दो सप्ताह के भीतर देशभर में बारिश सामान्य से 31 प्रतिशत अधिक हुई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा