1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन कब होगा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिया ये जवाब

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन कब होगा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिया ये जवाब

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Feb 02, 2026 02:50 pm IST,  Updated : Feb 02, 2026 02:50 pm IST

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश की राजधानी दिल्ली समेत इसके आसपास के सभी शहरों जैसे- गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम से जोड़ा जाएगा।

noida international airport, noida airport, jewar airport, yogi adityanath, pm narendra modi- India TV Hindi
यूपी के इन जिलों में हैं इंटरनेशनल एयरपोर्ट Image Source : HTTPS://X.COM/NIAIRPORT

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर एक बड़ा अपडेट दिया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन कर सकते हैं। राजधानी लखनऊ में मीडिया के साथ बातचीत करते हुए सीएम ने कहा, "हमारा हवाई अड्डा तैयार है। हवाई अड्डे के लाइसेंस से जुड़ी औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं। मुझे भरोसा है कि प्रधानमंत्री द्वारा इसी महीने हवाई अड्डे का उद्घाटन किया जाएगा।" बताते चलें कि गौतमबुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा के जेवर में बन रहा ये एयरपोर्ट, उत्तर प्रदेश का 5वां इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा।

यूपी के इन जिलों में हैं इंटरनेशनल एयरपोर्ट

उत्तर प्रदेश में अभी 4 इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैं। इनमें राजधानी लखनऊ का चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, वाराणसी का लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अयोध्या का महाऋषि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट और कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट शामिल हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पब्लिक-प्राइवेट-पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत डेवलप किया जा रहा एक 'ग्रीनफील्ड' प्रोजेक्ट है। लगभग 1300 हेक्टेयर में फैले इस प्रोजेक्ट का पहला फेज सितंबर 2024 में शुरू होना था, लेकिन काम में देरी होने की वजह से ऐसा नहीं हो सका और कई बार इसकी डेडलाइन बढ़ाई गई।

पूरे दिल्ली-एनसीआर को मिलेगा फायदा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश की राजधानी दिल्ली समेत इसके आसपास के सभी शहरों जैसे- गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा, इस एयरपोर्ट की आसपास की जगहों को भी जबरदस्त तरीके से डेवलप किया जा रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और आईटी कंपनी टेक महिंद्रा ने एयपोर्ट के लिए इंटीग्रेटेड नेटवर्क और सिक्यॉरिटी ऑपरेशन्स सेंटर की स्थापना और संचालन के लिए पार्टनरशिप की है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इस प्रोजेक्ट की देखरेख कर रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा