1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सस्ते होंगे सोना-चांदी, वित्त मंत्री का प्रस्ताव

सस्ते होंगे सोना-चांदी, वित्त मंत्री का प्रस्ताव

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Feb 01, 2021 01:02 pm IST,  Updated : Feb 02, 2021 03:54 pm IST

सरकार ने बजट में सोने और चांदी पर कस्टम ड्यूटी घटाने का प्रस्ताव दिया है। फिलहाल सोने और चांदी पर कस्टम ड्यूटी 12.5 फीसदी है। बजट में इसे घटाकर 10 प्रतिशत करने का प्रस्ताव किया गया है।

सस्ते होंगे सोने और...- India TV Hindi
सस्ते होंगे सोने और चांदी Image Source : PTI

नई दिल्ली। देश में जल्द ही सोने और चांदी की कीमतों मे गिरावट देखने को मिलेगी। सरकार ने बजट में कस्टम ड्यूटी घटाने का प्रस्ताव दिया है। फिलहाल सोने और चांदी पर कस्टम ड्यूटी 12.5 फीसदी है। बजट में इसे घटाकर 7.5 प्रतिशत करने का प्रस्ताव किया गया है। हालांकि एग्री सेस लगने की वजह से प्रभावी दर 10 फीसदी रहेगी।  इस कटौती का फायदा ग्राहकों को मिलेगा। महामारी के दौरान सोने और चांदी की बिक्री पर बुरा असर देखने को मिला था। फेस्टिव सीजन के साथ इसमें सुधार देखने को मिला, लेकिन बाजार अभी भी रिकवरी की कोशिश मे लगा हुआ है। सेक्टर ने सरकार से मांग की थी कि सरकार ऐसे कदम उठाए जिससे मांग में बढ़त देखने को मिले। सरकार के आज के कदम से कीमतें घटने पर मांग में बढ़त की उम्मीद है। 

ये भी पढ़ें: सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेज गिरावट, जानिए आज क्या रही कीमतें

कैसी रही बीते साल सोने और चांदी की मांग

देश की सोने की मांग बीते साल यानी 2020 में 35 प्रतिशत से अधिक घटकर 446.4 टन रह गई। विश्व स्वर्ण परिषद (डब्ल्यूजीसी) की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। डब्ल्यूजीसी की 2020 की सोने की मांग के रुख पर रिपोर्ट में कहा गया है कि कोरोना वायरस की वजह से लागू लॉकडाउन और बहुमूल्य धातुओं के दाम अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचने के बीच सोने की मांग में गिरावट आई। हालांकि, इसके साथ ही रिपोर्ट में कहा गया है कि अब स्थिति सामान्य हो रही है और साथ ही सतत सुधारों से उद्योग मजबूत हुआ है। ऐसे में इस साल 2021 में सोने की मांग में सुधार की उम्मीद है। 

रिपोर्ट में कहा गया है कि 2020 में भारत की सोने की मांग 35.34 प्रतिशत घटकर 446.4 टन रह गई, जो 2019 में 690.4 टन थी। डब्ल्यूजीसी के आंकड़ों के अनुसार बीते साल मूल्य के हिसाब से सोने की मांग में 14 प्रतिशत की गिरावट आई और यह घटकर 1.88 लाख करोड़ रुपये रह गई। 2019 में मूल्य के हिसाब से सोने की मांग 2.17 लाख करोड़ रुपये रही थी। इस बीच, 2020 में आभूषणों की कुल मांग मात्रा के हिसाब से 42 प्रतिशत घटकर 315.9 टन रह गई, जो 2019 में 544.6 टन रही थी। मूल्य के हिसाब से यह 22.42 प्रतिशत घटकर 1,33,260 करोड़ रुपये रह गई, जो इससे पिछले साल 1,71,790 करोड़ रुपये रही थी। 

कोविड-19 की वजह से लागू प्रतिबंधों के चलते आभूषणों की मांग प्रभावित हुई। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2020 में देश का सोने का शुद्ध आयात 47 प्रतिशत घटकर 344.2 टन रह गया, जो 2019 में 646.8 टन रहा था। डब्ल्यूजीसी के प्रबंध निदेशक, भारत सोमसुंदरम पीआर ने कहा कि लॉकडाउन में ढील और चरणबद्ध तरीके से स्थिति को सामान्य करने के प्रयासों से बीते साल की चौथी तिमाही में सोने का आयात सालाना आधार पर 19 प्रतिशत बढ़ा है। यह दबी मांग के सकारात्मक प्रभाव को दर्शाता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि चौथी तिमाही में उपभोक्ता धारणा में सुधार हुआ और सोने की मांग में गिरावट कम होकर सिर्फ चार प्रतिशत रह गई। चौथी तिमाही में सोने की मांग 186.2 टन रही, जो इससे पिछले साल की समान तिमाही में 194.3 टन थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा