पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव ने भारतीय शेयर बाजार को बुरी तरह प्रभावित किया है। 28 फरवरी से अब तक दलाल स्ट्रीट पर निवेशकों की संपत्ति में करीब ₹51 लाख करोड़ की भारी गिरावट दर्ज की गई है। इस अवधि में बीएसई का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 9,339.64 अंक यानी 11.48 प्रतिशत लुढ़क गया। बढ़ते जोखिम के माहौल में निवेशकों ने सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख किया, जिससे बाजार में तेज बिकवाली देखी गई। वैश्विक बाजारों और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने निवेशकों की चिंता को और बढ़ा दिया है।
Related Stories
कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण इतने पर आया
बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण घटकर ₹4,12,41,172.45 करोड़ रह गया है। इस महीने इसमें ₹51,09,498.82 करोड़ की भारी कमी आई है। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि मौजूदा गिरावट मुख्य रूप से घरेलू कारकों की बजाय बाहरी कारकों के कारण है। एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा, “ऊंचे कच्चे तेल के दाम, मिडिल ईस्ट में बढ़ता भू-राजनीतिक जोखिम और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने बाजार में ‘रिस्क-ऑफ’ माहौल बना दिया है।”सेंसेक्स अपने सर्वकालिक उच्च स्तर 86,159.02 से अब तक 14,211.47 अंक यानी 16.49 प्रतिशत गिर चुका है।
ब्रेंट क्रूड की कीमत 117.46 डॉलर प्रति बैरल पर
वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत 4.15 प्रतिशत बढ़कर 117.46 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई है, जिससे महंगाई और आर्थिक दबाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। मार्च महीने में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने भारतीय बाजार से ₹1 लाख करोड़ से अधिक की निकासी की है, जो पिछले कई वर्षों का सबसे बड़ा मासिक आउटफ्लो है। वेस्ट एशिया में तनाव और रुपये की कमजोरी ने इस बिकवाली को और तेज कर दिया। बजाज ब्रोकिंग के टेक्निकल रिसर्च प्रमुख पबित्रो मुखर्जी ने कहा कि इस संघर्ष के बाद के चार हफ्तों में बाजार में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति 2020 के कोविड संकट के बाद सबसे अधिक देखी गई।
बाजार पर लगातार दबाव
विदेशी निवेशकों की बिकवाली इस कमजोरी की मुख्य वजह रही है। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि वेस्ट एशिया में जारी तनाव, खासकर अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ता संघर्ष, बाजार पर लगातार दबाव बनाए हुए है और इसका असर अन्य क्षेत्रों तक फैल रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 के आखिरी कारोबारी दिन सेंसेक्स और निफ्टी दोनों 2 प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुए।