नेल्सन: न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली आगामी टी-20 सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। गुप्टिल को बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे मैच में शनिवार को बल्लेबाजी के दौरान रन लेते हुए बाएं पैर की मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या हुई, जिसके कारण उन्हें टी-20 सीरीज से बाहर होना पड़ रहा है। वह इस मैच में रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। किवी टीम ने यह मैच 8 विकेट से अपने नाम करते हुए सीरीज पर 3-0 से कब्जा जमाया।
खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
उनकी जगह निल ब्रूम को टी-20 टीम में शामिल किया गया है। गुप्टिल के चोटिल होने से न्यूजीलैंड की टीम को बड़ा झटका लगा है क्योंकि उसे अगले साल 30 जनवरी से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चैपल-हेडली सीरीज खेलनी है। टीम के कोच माइक हेसन हालांकि गुप्टिल को लेकर सकारात्मक हैं। उनका मानना है कि वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली सीरीज से पहले फिट हो जाएंगे। हेसन ने कहा, ‘मार्टिन वनडे और टी-20 में बेशक हमारे अहम खिलाड़ी हैं, इसलिए उनका न होना हमारे लिए निराशाजनक है। हमें उम्मीद है कि वह कुछ समय तक आराम कर और कुछ घरेलू मैच खेलने के बाद वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए तैयार हो जाएंगे।’

दर्द से कराहते मार्टिन गुप्टिल। (Getty Images)
नील ब्रूम की बात की जाए तो अंतिम 3 एकदिवसीय मैचों में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने दूसरे मैच में नाबाद 109 रनों की पारी खेली थी और तीसरे मैच में 97 रनों की पारी खेल टीम को जीत दिलाई थी। ब्रूम के बारे में हेसन ने कहा, ‘हमें आक्रामक सलामी बल्लेबाज की जरूरत थी और नील के पास टी-20 में सलामी बल्लेबाजी का अनुभव है। उनकी हालिया फॉर्म भी अच्छी है इसलिए वह टीम के लिए उपयुक्त विकल्प थे।’