1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पुरुष और महिलाओं की असमान वेतन के मुद्दे पर स्मृति मंधाना ने दिया बड़ा बयान

पुरुष और महिलाओं की असमान वेतन के मुद्दे पर स्मृति मंधाना ने दिया बड़ा बयान

 Reported By: Bhasha
 Published : Jan 23, 2020 01:29 pm IST,  Updated : Jan 23, 2020 03:06 pm IST

मंधाना ने कहा जिस दिन महिला क्रिकेट की रेवेन्यू मिलना शुरू हो जाएगा, तब मैं सबसे पहले कहूंगी की हमें भी समान वेतन चाहिए। लेकिन अभी, हम ऐसा नहीं कह सकते हैं।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम- India TV Hindi
भारतीय महिला क्रिकेट टीम Image Source : @BCCIWOMEN TWITTER

मुंबई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सीनियर खिलाड़ी स्मृति मंधाना ने बुधवार को कहा कि महिला विश्व टी20 से पूर्व तीन देशों के टूर्नामेंट में खेलने से रणनीति बनाने और टीम संयोजन में मदद मिलेगी। टी20 विश्व कप अगले महीने आस्ट्रेलिया में शुरू होगा लेकिन इससे पहले भारत इसी देश में मेजबान टीम और इंग्लैंड के खिलाफ त्रिकोणीय श्रृंखला खेलेगा। मंधाना ने यहां एक प्रचार कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारी अधिकांश खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया में खेली हैं, मुझे लगता है कि भारत ए के पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया का दौरा करने से भी काफी मदद मिलेगी क्योंकि चार से पांच खिलाड़ी उस टीम का भी हिस्सा थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘त्रिकोणीय श्रृंखला काफी महत्वपूर्ण टूर्नामेंट होने वाला है, टीम संयोजन के बारे में मदद मिलेगी या पता चलेगा कि क्या करने की जरूरत है या आस्ट्रेलियाई विकेटों पर हमें कितना लक्ष्य लेकर चलने की जरूरत है।’’ 

मंधाना ने कहा कि त्रिकोणीय श्रृंखला के मैचों से उन्हें यह जानने में काफी मदद मिलेगी कि विश्व कप के दौरान सुरक्षित लक्ष्य क्या होगा। उन्होंने कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया पहुंचने और त्रिकोणीय श्रृंखला खेलने के बाद हमें पता चलेगा कि हमारे गेंदबाज किस तरह बेहतर रणनीति बना सकते हैं।’’

मंधाना ने कहा,‘‘विशेषकर लक्ष्य क्या होगा, त्रिकोणीय श्रृंखला से पता चलेगा कि लक्ष्य क्या होना चाहिए, विश्व कप में कितना स्कोर बनेगा।’’

मंधाना ने कहा कि भारतीय टीम पिछले एक साल से विश्व टी20 टूर्नामेंट को लेकर रणनीति बना रही है। उन्होंने कहा,‘‘पिछले साल से, मैचों के दौरान हम जो भी कर रहे थे, हम विश्व कप के बारे में सोच रहे थे, अब हम विश्व कप के लिए जा रहे है, इसलिए काफी रोमांचित हैं।’’

मंधाना ने कहा, ‘‘मैं इस टीम के साथ इस विश्व कप में खेलने को लेकर बेताब हूं क्योंकि यह नई टीम है जिसमें अनुभवी और नए खिलाड़ियों का मिश्रण है।’’

इस दौरान उन्होंने पुरुष और महिलाओं की असमान वेतन के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने कहा "हमें यह समझने की आवश्यकता है कि जो रेवेन्यू हमें मिलता है वह पुरुषों की क्रिकेट के माध्यम से है। जिस दिन महिला क्रिकेट की रेवेन्यू मिलना शुरू हो जाएगा, तब मैं सबसे पहले कहूंगी की हमें भी समान वेतन चाहिए। लेकिन अभी, हम ऐसा नहीं कह सकते हैं।"

उन्होंने आगे कहा "मुझे नहीं लगता कि टीम का कोई भी खिलाड़ी इस अंतर के बारे में सोच रहा है, क्योंकि अभी एकमात्र फोकस भारत के लिए मैच जीतने, मैच में भीड़ जुटाने और रेवेन्यू प्राप्त करने पर है। यही हमारा लक्ष्य है। इसके लिए, हमें प्रदर्शन करने की आवश्यकता है। यह कहना हमारे लिए अनुचित है कि हमें समान वेतन की आवश्यकता है, यह सही नहीं है। इसलिए मुझे नहीं लगता कि मैं इस अंतर पर और टिप्पणी करना चाहता हूं।"

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल