1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पहलगाम हमले के बाद यूपी के डीजीपी प्रशान्त कुमार ने की मीटिंग, अधिकारियों को दिए दिशानिर्देश

पहलगाम हमले के बाद यूपी के डीजीपी प्रशान्त कुमार ने की मीटिंग, अधिकारियों को दिए दिशानिर्देश

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Avinash Rai
 Published : Apr 26, 2025 07:59 pm IST,  Updated : Apr 26, 2025 07:59 pm IST

उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशान्त कुमार ने आज एक बड़ी बैठक की। दरअसल पहलगाम हमले के मद्देनजर सोशल मीडिया पर शरारती तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने का प्रयास ना हो सके और पाकिस्तानी नागिरकों को पाकिस्तान भेजा जा सके। इसके लिए ये मीटिंग की गई।

UP DGP Prashant Kumar held a meeting and gave guidelines to the officers- India TV Hindi
यूपी के डीजीपी प्रशान्त कुमार Image Source : PTI

जम्मू कश्मीर के पहलगाम में बीते दिनों आतंकवादी हमला हुआ था। इस आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी। इस हमले के बाद विशेष सतर्कता को ध्यान में रखते हुए और राज्य में सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म्स पर शरारती तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने का कुत्सित प्रयास किए जाने की संभावना के मद्देनजर यूपी के डीजीपी प्रशान्त कुमार ने आज एक हाईलेवल मीटिंग की। इस मीटिंग में सभी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक समेत कई अन्य अधिकारी शामिल हुए। इस मीटिंग में डीजीपी प्रशान्त कुमार ने पुलिस अधिकारियों को दिशानिर्देश दिए।

डीजीपी प्रशान्त कुमार ने दिए दिशानिर्देश

  • अर्न्तराष्ट्रीय एवं अन्तर्राज्यीय बार्डर के सीमावर्ती जनपदों के पुलिस/प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर बार्डर पर समुचित पुलिस प्रबन्ध कर प्रभावी चेकिंग कराई जाये। समस्त टोल प्लाजा पर भी आवश्यक पुलिस प्रबन्ध एवं निगरानी की जाये।
  • नेपाल बार्डर के जनपद महराजगंज, श्रावस्ती, सिद्वार्थनगर, खीरी, पीलीभीत, बहराइच, बलरामपुर में एस.एस.बी के पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर चेक पोस्टों पर निगरानी/चौकसी बनाये रखना सुनिश्चित किया जाये। 
  • संवेदनशील क्षेत्रों में राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में दंगा निरोधक उपकरणों के साथ अतिरिक्त पुलिस/पीएसी बल की तैनाती कर प्रभावी पुलिस प्रबन्ध किये जायें। राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ समस्त सुरक्षा उपकरणों सहित Flag March निकाला जाये।
  • कमिश्नरेट/जनपद के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारीगण संयुक्त रूप से अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत निरन्तर भ्रमणशील रहते हुए स्थिति पर सतर्क दृष्टि बनाये रखी जाये तथा किसी भी प्रतिकूल स्थिति से निपटने हेतु दंगा नियंत्रण अभ्यास भी अवश्य सुनिश्चित कराया जाये।
  • संवेदनशील क्षेत्रों तथा चिन्हित हॉट स्पॉट पर ड्रोन कैमरों से निगरानी सुनिश्चित की जाये। समस्त सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील हालत में रखा जायें तथा इसकी फीड सुरक्षित रखने हेतु प्रभावी प्रबन्ध सुनिश्चित किये जाये।
  • धार्मिक स्थलों/पूजा स्थलों पर किसी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री चस्पा किये जाने, वॉल राइटिंग व विरूपण आदि के दृष्टिगत समस्त धर्म स्थलों के आस-पास प्रभावी रात्रि गश्त सुनिश्चित करते हुए प्रातःकालीन पोस्टर चेकिंग पार्टी निकाली जाये।
  • प्रदेश के समस्त एयरपोर्ट/रेलवे स्टेशन एवं बस स्टेशनों की समुचित सुरक्षा व्यवस्था हेतु पर्याप्त पुलिस प्रबन्ध करते हुये राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में प्रभावी सघन चेकिंग करायी जाये।
  • अपने-अपने कमिश्नरेट/जनपद के प्रमुख धार्मिक स्थलों (Religious Places) एवं ऐतिहासिक स्थलों की वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था का विधिवत् आंकलन करके तद्नुसार समग्र सुरक्षा प्रबन्ध सुनिश्चित किये जाये।
  • कमिश्नरेट/जनपद के महत्वपूर्ण Public Government Institutions और Public Personalities की समुचित सुरक्षा व्यवस्था निर्धारित एस०ओ०पी० के अनुरूप करायी जाये ।
  • दैनिक समाचार पत्रों के सम्पादक/पत्रकारों तथा मीडिया के कार्यकर्ताओं द्वारा मीडिया कवरेज के दौरान कोई अव्यवस्था न होने पाये इस हेतु जनपद / कमिश्नरेट द्वारा समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये।
  • प्रदेश में कश्मीरी छात्रों, पर्यटकों तथा व्यवसाय करने वाले बिक्रेताओं आदि की समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाये ताकि उनके साथ किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना घटित न हो पायें।
  • कमिश्नरेट/जनपद के सभी मॉल्स/सिनेमा हॉल मल्टीप्लेक्स/मनोरंजन के स्थल तथा भीड़-भाड़ वाले समस्त स्थानों पर विशेष तौर से सुदृढ सुरक्षा प्रबन्ध किये जाये। होटल, धर्मशाला, गेस्टहाउस, नये किरायेदारों का शत-प्रतिशत पुलिस सत्यापन अवश्य सुनिश्चित कराया जाये।
  • कट्टरपंथियों/असामाजिक तत्वों का स्थानीय थाना स्तर पर चिन्हाकंन करते हुये उन पर सतर्क निगरानी/सतर्कता रखी जाये।
  • सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्मों पर अनवरत सतर्क दृष्टि रखी जाये, किसी भी प्रकार की भड़काऊ एवं भ्रामक पोस्ट का तत्काल खण्डन करते हुये पोस्ट करने वाले व्यक्ति के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करायी जाये।
  • सभी कमिश्नरेट जनपद प्रभारी अपने-अपने स्थानीय अभिसूचना तन्त्र को और अधिक प्रभावी एवं सक्रिय कर दें तथा लाभप्रद सूचना प्राप्त होने पर सर्वसम्बन्धित को अवगत कराया जाये।
  • किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने हेतु स्ट्रेटजिक स्थान चिन्हित कर वहाँ प्रभावी पुलिस रिजर्व व्यवस्थापित किया जाये।

पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने की प्रक्रिया पूरी: डीजीपी प्रशान्त कुमार

इस दौरान डीजीपी प्रशान्त कुमार ने कहा कि भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों को क्रम में उत्तर प्रदेश से निर्वासित किए जाने वाले योग्य समस्त श्रेणी के पाकिस्तानी नागिरकों को निर्वासित किए जाने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। एक पाकिस्तानी नागरिक बचा है जो 30 अप्रैल 2025 तक पाकिस्तान वापस चला जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।