1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. शुभेंदु अधिकारी के भाई को नगरपालिका के प्रशासक बोर्ड के अध्यक्ष पद से हटाया गया

शुभेंदु अधिकारी के भाई को नगरपालिका के प्रशासक बोर्ड के अध्यक्ष पद से हटाया गया

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 30, 2020 11:17 am IST,  Updated : Dec 30, 2020 11:17 am IST

भाजपा नेता एवं पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री शुभेंदु अधिकारी के भाई सौमेंदु को पूर्व मेदिनीपुर जिले में कांठी नगरपालिका के प्रशासक बोर्ड के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है।

Suvendu Adhikari- India TV Hindi
शुभेंदु अधिकारी के भाई को नगरपालिका के प्रशासक बोर्ड के अध्यक्ष पद से हटाया गया Image Source : FILE PHOTO

कोलकाता: भाजपा नेता एवं पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री शुभेंदु अधिकारी के भाई सौमेंदु को पूर्व मेदिनीपुर जिले में कांठी नगरपालिका के प्रशासक बोर्ड के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। सौमेंदु अधिकारी पूर्व मेदिनीपुर में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के हालिया राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल नहीं हुए थे। पार्टी के कुछ नेताओं का आरोप है कि पिछले दो महीने से वह अपने भाई के जनसंपर्क कार्यक्रमों में मदद कर रहे थे।

उनके एक अन्य भाई एवं तृणमूल सांसद दिव्येंदु अधिकारी ने इस फैसले को ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण और अनुचित’’ बताया है। तामलुक से सांसद दिव्येंदु अधिकारी ने कहा कि वह पार्टी (तृणमूल कांग्रेस) के ‘‘वफादार कार्यकर्ता’’ बने रहेंगे और मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी के सामने यह मुद्दा उठाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘वह मेरी नेता हैं। मुझे उन पर पूरा भरोसा है।’’ सांसद ने कहा कि वह कांठी नगरपालिका भवन से अब काम नहीं करेंगे। नगरपालिका भवन में सांसद का कार्यालय है।

यह घटनाक्रम ऐसे वक्त में हुआ है जब शुभेंदु अधिकारी ने कहा था,‘‘मेरे परिवार में कमल खिलेगा।’’ उनके पिता शिशिर अधिकारी और भाई दिव्येंदु तृणमूल सांसद हैं। राज्य के पूर्व परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी 19 दिसंबर को मेदिनीपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली में नौ विधायकों और एक सांसद के साथ भाजपा में शामिल हुए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।