1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में अज्ञात हमलावरों ने की पत्रकार की गोली मारकर हत्या

पाकिस्तान में अज्ञात हमलावरों ने की पत्रकार की गोली मारकर हत्या

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Mar 03, 2018 02:11 pm IST,  Updated : Mar 03, 2018 02:11 pm IST

पाकिस्तान के रावलपिंडी के एक उच्च सुरक्षा वाले इलाके में अज्ञात हमलावरों ने एक पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी।

Journalist employed by local daily shot dead in Rawalpindi...- India TV Hindi
Journalist employed by local daily shot dead in Rawalpindi high security zone

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के रावलपिंडी के एक उच्च सुरक्षा वाले इलाके में अज्ञात हमलावरों ने एक पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने कहा कि 40 साल के अंजुम मुनीर राजा गुरूवार देर रात को मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे जब मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उनका पीछा किया और फिर उनपर गोलीबारी की। डॉन न्यूज की खबर के अनुसार घटना बैंक रोड पर हुई जो पाकिस्तानी सेना के राष्ट्रीय मुख्यालय से कुछ ही मिनट की दूरी पर है। (सीनेट के 52 सदस्यों के निर्वाचन के लिए पाकिस्तान में आज मतदान )

राजा के सिर, गर्दन और धड़ में छह गोलियां मारी गयीं जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। राजा के रिश्तेदार तारिक महमूद ने कहा कि राजा का एक पांच साल का बेटा है और वह सुबह में एक स्कूल में पढ़ाते थे तथा शाम को इस्लामाबाद के एक उर्दू अखबार में सब-एडिटर के रूप में काम करते थे।

महमूद ने कहा कि राजा की किसी से निजी रंजिश नहीं थी और इस तरह के ‘‘उच्च सुरक्षा वाले’’ इलाके में हत्या होने पर हैरानी जतायी। खबर के मुताबिक पत्रकार समुदाय ने हत्या की निंदा करते हुए हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने सभी पत्रकारों के लिए सुरक्षा की भी मांग की और राजा के हत्यारों को जल्द गिरफ्तार ना किए जाने पर विरोध प्रदर्शन की धमकी दी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश