1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इजराइल के ड्रोन ने किया कार का पीछा, दागीं 2 मिसाइलें, मारा गया हमास का सदस्य

इजराइल के ड्रोन ने किया कार का पीछा, दागीं 2 मिसाइलें, मारा गया हमास का सदस्य

 Published : May 18, 2024 08:24 am IST,  Updated : May 18, 2024 09:54 am IST

इजराइल ने ड्रोन से किए गए हवाई हमले में हमास के एक सदस्य को मार गिराया है जबकि 2 अन्य घायल हो गए हैं। ड्रोन ने रशाया शहर में एक कार का पीछा किया था और 2 मिसाइलें दागीं जिससे हमास सदस्य की मौत हो गई।

Israel, Israel Drone Attack, Israel Hamas, Israel Drone Missiles- India TV Hindi
इजराइल और हमास के बीच पिछले कई महीनों से जंग जारी है। Image Source : AP FILE

बेरूत: इजराइल के ड्रोन हमले में हमास के एक सदस्य की मौत की खबर आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक,  दक्षिणी लेबनान में इजराइली हवाई हमले में कथित तौर पर हमास के एक सदस्य की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि इजराइली ड्रोन ने राशाया शहर में एक कार का पीछा किया, उस पर दो मिसाइलें दागीं, जिससे कार में आग लग गई। कार में सवार ड्राइवर शरहबील अल-सईद की मौत हो गई। इजराइल के इस हमले में अल-सईद का साथी और एक अन्य शख्स गंभीर रूप से घायल हो गए।

‘फिलिस्तीन के आजाद होने तक आंदोलन जारी रहेगा’

हमास की सैन्य शाखा अल-कसम ब्रिगेड ने एक बयान में पुष्टि की कि अल-सईद संगठन का एक सदस्य था। घटना स्थल का निरीक्षण करते समय पूर्वी लेबनान के बेका क्षेत्र में हमास के एक अधिकारी महमूद बराका ने एक अलग बयान में कहा फिलिस्तीन के स्वतंत्र होने तक आंदोलन जारी रहेगा। बता दें कि लेबनान-इजराइल सीमा पर तनाव 8 अक्टूबर 2023 से बढ़ा हुआ है जब हमास के हमले के साथ एकजुटता दिखाने के लिए लेबनानी सशस्त्र समूह हिजबुल्लाह ने इजराइल की ओर रॉकेट दागे थे। इसके बाद इजराइल ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दक्षिणपूर्वी लेबनान की ओर भारी तोपखाने से गोलीबारी की।

इजराइल ने गाजा में नरसंहार के आरोपों का किया खंडन

इस बीच इजराइल ने गाजा में नरसंहार के आरोपों का खंडन करते हुए संयुक्त राष्ट्र की शीर्ष अदालत से कहा कि वह गाजा में अपने सैन्य अभियान के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए जो कर सकता है, वह सब कुछ कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने आपातकालीन उपायों पर दक्षिण अफ्रीका द्वारा किए गए आग्रह पर तीसरे दौर की सुनवाई पूरी की। दक्षिण अफ्रीका ने कहा है कि दक्षिणी शहर रफा में इजराइल का सैन्य हमला गाजा में फिलीस्तीनियों के अस्तित्व के लिए खतरा है और अदालत से संघर्ष विराम का आदेश देने का आग्रह किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश