Friday, February 27, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान-अफगानिस्तान जंग पर आया रूस का पहला बयान, दोनों देशों को लेकर कह दी बड़ी बात

पाकिस्तान-अफगानिस्तान जंग पर आया रूस का पहला बयान, दोनों देशों को लेकर कह दी बड़ी बात

Edited By: Vineet Kumar Singh @VickyOnX Published : Feb 27, 2026 04:24 pm IST, Updated : Feb 27, 2026 04:26 pm IST

Russia statement on Pakistan Afghanistan war | पाकिस्तान ने ‘ऑपरेशन गजब लिल हक’ शुरू कर 133 तालिबान लड़ाकों को मारने का दावा किया है जबकि तालिबान ने भी कई पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की बात कही है। रूस ने बढ़ती हिंसा पर चिंता जताते हुए दोनों देशों से तुरंत युद्धविराम की अपील की है।

Pakistan Afghanistan conflict, Russia statement on Pakistan Afghanistan war- India TV Hindi
Image Source : AP पाकिस्तान और अफगानिस्तान में डूरंड लाइन पर भीषण जंग छिड़ी हुई है।

Russia Statement on Pakistan Afghanistan War: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच पिछले कुछ घंटों से लगातार जंग जारी है। दोनों ही देशों ने एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ हमले किए हैं। इस बीच सीमा पर बढ़ते सशस्त्र संघर्ष को देखते हुए रूस ने दोनों देशों से तुरंत लड़ाई रोकने और अपने मतभेदों को बातचीत के जरिए सुलझाने की अपील की है। बता दें कि पाकिस्तान ने गुरुवार रात को तालिबान के हमले का जवाब देते हुए 'ऑपरेशन गजब लिल हक' यानी कि 'न्याय के लिए जंग' शुरू की है। इस्लामाबाद का दावा है कि इस ऑपरेशन में 133 तालिबान लड़ाके मारे गए।

डूरंड लाइन को लेकर मचा है सारा बवाल

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच 2611 किलोमीटर लंबी सीमा को 'डूरंड लाइन' कहा जाता है, जिसे काबुल ने कभी आधिकारिक रूप से मान्यता नहीं दी है। इसी सीमा को लेकर पिछले कुछ महीनों में दोनों देश कई बार आमने-सामने आए हैं। दोनों देशों में जारी तनाव के बीच रूसी विदेश मंत्रालय ने अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच 'कड़े सैन्य संघर्ष' पर गहरी चिंता जताई है। मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने बयान में कहा, 'इस लड़ाई में आर्मी, एयरफोर्स और भारी हथियारों का इस्तेमाल हो रहा है। दोनों तरफ लोग हताहत हुए हैं, जिसमें आम नागरिक भी शामिल हैं।'

Pakistan Afghanistan conflict, Russia statement on Pakistan Afghanistan war
Image Source : APजंग के माहौल में पाकिस्तान के पेशावर में अखबार पढ़ते लोग।

'दोनों देश खतरनाक टकराव को छोड़ दें'

रूसी प्रवक्ता ने कहा, 'हम अपने मित्र देशों अफगानिस्तान और पाकिस्तान से अपील करते हैं कि वे इस खतरनाक टकराव को छोड़ दें और सभी मतभेदों को राजनीतिक व कूटनीतिक तरीके से सुलझाने के लिए बातचीत की मेज पर लौट आएं।' क्रेमलिन के अफगानिस्तान के लिए विशेष दूत जमीर काबुलोव ने भी इस्लामाबाद और काबुल से दुश्मनी रोकने की मांग की। रिया नोवोस्ती समाचार एजेंसी के हवाले से उन्होंने कहा, 'हम आपसी हमलों को जल्द से जल्द खत्म करने और मतभेदों को कूटनीतिक तरीके से सुलझाने के पक्ष में हैं।'

ख्वाजा आसिफ ने किया है जंग का ऐलान

बता दें कि मौजूदा संघर्ष दोनों पड़ोसी देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही तनातनी का नतीजा है, जहां सीमा पार से हमले और जवाबी कार्रवाई आम हो गई है। रूस ने दोनों देशों को शांति की राह अपनाने की सलाह दी है ताकि क्षेत्र में और बड़ा संकट न पैदा हो। हालांकि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने अफगानिस्तान के खिलाफ जंग का ऐलान कर दिया है और मौजूदा हालात को देखते हुए दोनों देशों के बीच तल्खी कम होने की उम्मीद थोड़ी कम ही नजर आ रही है।

Latest World News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश

Advertisement
Advertisement
Advertisement