1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार चुनाव से पहले फंसे प्रशांत किशोर, 2 वोटर आईडी मामले में चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस, 3 दिन में मांगा जवाब

बिहार चुनाव से पहले फंसे प्रशांत किशोर, 2 वोटर आईडी मामले में चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस, 3 दिन में मांगा जवाब

 Reported By: Nitish Chandra Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Oct 28, 2025 04:11 pm IST,  Updated : Oct 28, 2025 06:59 pm IST

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रशांत किशोर को चुनाव आयोग ने नोटिस भेजा है। मामला 2 वोटर आईडी कार्ड रखने के आरोप से जुड़ा है। चुनाव आयोग ने प्रशांत किशोर से 3 दिन में जवाब मांगा है।

Prashant Kishor- India TV Hindi
प्रशांत किशोर Image Source : PTI

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। प्रशांत किशोर को चुनाव आयोग ने 2 वोटर आईडी के मामले में नोटिस भेजा है और 3 दिन में जवाब मांगा है।

क्या है मामला?

जनसुराज पार्टी के प्रशांत किशोर का नाम दो विधानसभा क्षेत्रों (बिहार के करगहर एवं पश्चिम बंगाल) की मतदाता सूची में दर्ज पाए जाने को लेकर निर्वाची पदाधिकारी, करगहर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र ने नोटिस जारी कर तीन दिनों के अंदर अपना पक्ष रखने को कहा है।

चुनाव आयोग ने नोटिस में क्या कहा?

चुनाव आयोग ने नोटिस में कहा, "इंडियन एक्सप्रेस के कोलकाता पटना संस्करण में दिनांक 28 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित खबर के अनुसार आपका नाम बिहार राज्य की निर्वाचक सूची एवं पश्चिम बंगाल की निर्वाचक सूची में दर्ज है। उक्त समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार पश्चिम बंगाल के भबानीपुर निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत मतदान केंद्र-संत हेलेन स्कूल, बी० रानीशंकरी लेन में दर्ज है। साथ ही आपका नाम 209 -करगहर विधान निर्वाचन क्षेत्र के भाग संख्या-367 (मध्य विद्यालय, कोनार, उ० भाग) क्र०सं०-621 में दर्ज है। करगहर निर्वाचन क्षेत्र में आपका मतदाता पहचान पत्र संख्या- IUI3123718 है। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-17 के अनुसार एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्र में किसी व्यक्ति रजिस्ट्रीकृत नहीं किया जायेगा, उल्लंघन की स्थिति में जन प्रतिनिधिनित्व अधिनियम-1950 की धारा-31 के तहत एक वर्ष का करावास या जुर्माना या दोनो का प्रावधान है। सुनिश्चित करें। अतः एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्र में अपने नाम की प्रविष्टि के संबंध में तीन दिनों के अंदर अपना पक्ष रखना सुनिश्चित करें।"

प्रशांत किशोर का सामने आया बयान

बिहार के अररिया में जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर कहते हैं, "मैं 2019 से करगहर विधानसभा क्षेत्र का मतदाता हूं। दो साल तक, जब मैं कोलकाता में था, मैंने वहां मतदाता पहचान पत्र बनवाया था। 2021 से, मेरा मतदाता पहचान पत्र करगहर विधानसभा क्षेत्र का है। अगर चुनाव आयोग कह रहा है कि मेरा नाम अन्य जगहों पर भी मतदाता के रूप में दर्ज है, तो वे SIR दिखाकर सबको परेशान क्यों कर रहे हैं? चुनाव आयोग द्वारा जारी नोटिस से मेरा कोई लेना-देना नहीं है।" 

महागठबंधन द्वारा जारी घोषणापत्र पर कही ये बात

महागठबंधन द्वारा बिहार चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी करने पर, प्रशांत किशोर ने कहा, "यह चुनाव जीतने के लिए बिहार के लोगों को मूर्ख बनाने का एक और प्रयास है। लड़ाई एनडीए और जन सुराज के बीच है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।