हैदराबाद। अपोलो हॉस्पिटल अपने स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का विस्तार करेगा। इस विस्तार में चार हॉस्पिटल, कुछ क्लीनिक और घर पर उपचार सेवाओं के लिए देश में 1,400 करोड़ रुपए का निवेश करने की योजना बनाई है। अपोलो हॉस्पिटल की संयुक्त प्रबंध निदेशक संगीता रेड्डी ने बताया कि चार नए हॉस्पिटल मुंबई, बेंगलुरु, गुवाहटी और विशाखापत्तनम में खोले जाएंगे। अपोलो होमकेयर सुविधा की यहां शुरुआत करते हुए रेड्डी ने कहा कि गुवाहटी सुविधा सहित अन्य तीन अस्पतालों के लिए 1,400 करोड़ रुपए का निवेश किया जा रहा है। इससे पहले समूह के चेयरमैन प्रताप सी. रेड्डी ने कहा कि अपोलो हॉस्पिटल्स की मौजूदा क्षमता 9,000 बिस्तरों की है और अगले कुछ महीनों में नए अस्पताल चालू हो जाने के बाद यह क्षमता 10,000 बिस्तरों तक पहुंच जाएगी।
प्रताप सी. रेड्डी से जब अस्पतालों पर आने वाले खर्च की व्यवस्था के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, वर्तमान में ऋण-इक्विटी अनुपात संतोषजनक स्थिति में है। सभी अस्पतालों के लिए वित्तपोषण आंतरिक प्राप्ति से किया गया है। इसके बाद यदि हम नए अस्पताल बनाते हैं तब हमें बाहर से राशि जुटाने की आवश्यकता हो सकती है। उनके मुताबिक मुंबई अस्पताल के लिए 550 करोड़ रुपए का निवेश किया जा रहा है।, जबकि बेंगलुरु और विशाखपत्तनम अस्पताल पर क्रमश 150 करोड़ और 170 करोड़ रुपए खर्च होंगे। अपोलो हॉस्पिटल ने आज से हैदराबाद, चेन्नई और दिल्ली में घर पर उपचार सेवा की शुरुआत की है। गुरुवार के कारोबार में अपोलो हॉस्पिटल का शेयर मामूली बढ़त (0.06%) की तेजी के साथ 1442 रुपए के स्तर पर बंद हुआ।