नई दिल्ली: अवैध हथियार रखने व इस्तेमाल करने से जुड़े मामले में अपना बयान दर्ज कराने के लिए आज जोधपुर के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अदालत में पहुंचे सलमान खान से जज ने पूछी उनकी जात।
सलमान ने इसके जवाब में कहा कि मैं भारतीय हूं। जज ने सलमन से कहा कि ये कोई जाती नहीं होती।
सलमान ने इसपर कहा, 'हिंदू-मुसलमान''। जज ने पूछा, ये कैसे। सलमान ने कहा, पिता मुसलमान है और मां हिंदू। ये सवाल सलमान से दो बार पूछा गया और सलमान ने दोनों बार यही जवाब दिया।
कोर्ट में पेश होने पर सलमान नॉर्मल थे लेकिन जब तारीख की बात आई और सलमान के वकील ने आगे की तारीख मांगी तो जज ने तारीख़ बढ़ाने के बजाए और पीछे कर दी। इससे सलमान तनाव में दिखे।
कोर्ट में 4 सरकारी गवाहों के बयान के बारे में पूछा गया तो सलमान ने कहा कि ये तमाम आरोप झूठे हैं। मैं इस पर जवाब देना चाहूंगा और दस्तावेज पेश करूंगा। सलमान खान ने सभी आरोपों को नकारते हुए कहा कि मैं निर्दोष हूं मुझे फंसाया गया है। बहरहाल, कोर्ट ने इतनी राहत जरूर दी कि 4 मई को सलमान को आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अब इस केस में सलमान खान के वकील 4 मई को उनका पक्ष रखेंगे।
सलमान अपने बॉडीगार्ड शेरा और बहन अलवीरा के साथ सुबह करीब 9.50 बजे अदालत पहुंचे थे। सलमान की एक झलक पाने के लिए यहां बड़ी तादाद में जुटे प्रशंसकों को संभालने के लिए अदालत के बाहर एक पुलिस दल तैनात किया गया था।
सलमान और बॉलीवुड के कुछ अन्य कलाकारों पर जोधपुर के कनकनी गांव में एक और दो अक्टूबर, 1998 को दो काले हिरणों का शिकार करने का आरोप है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत काले हिरण का शिकार अपराध है।
सलमान पर अवैध हथियार रखने व उसके इस्तेमाल का भी आरोप है।