नई दिल्ली: बॉलवुड निर्देशक आशुतोष गोवारिकर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'मोहनजो दाड़ो' को लेकर चर्चा का विषय बने हुए हैं। रितिक रोशन और पूजा हेगड़े के अभिनय से सजी यह फिल्म शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है। आशुतोष इससे पहले ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित तीन फिल्में बना चुके हैं। वह अपनी आगामी फिल्म मोहनजो दाड़ो का ट्रेलर जारी होने के बाद इसे मिल रही प्रतिक्रिया से एक निर्देशक के तौर पर बिल्कुल हैरान नहीं हैं, क्योंकि वह सोशल मीडिया पर इतिहासविदों की आलोचना को लेकर पहले से तैयार थे।
इसे भी पढे:- 'मोहनजोदड़ो' के प्रचार के लिए नही जाएगे ऋतिक 'कॉमेडी नाइट्स बचाओ'
यह फिल्म 12 अगस्त को रिलीज हो रही है और गोवारिकर को विश्वास है कि लोग जब फिल्म देखकर बाहर आएंगे तो उन्हें उनके बड़े सवालों के जवाब जरूर मिलेंगे। गोवारिकर ने एक साक्षात्कार में कहा, "मोहनजो-दाड़ो के बारे में बात करना थोड़ा मुश्किल है। कहानी के बारे में बात करने से पहले मैं बता दूं कि हमें एक प्रागैतिहासिक शहर बसाना पड़ा। मैं बमुश्किल ही तैयार था। मैं जानता था कि लोगों को आपत्तियां होंगी।"
निर्देशक को फिल्म 'जोधा अकबर' के निर्माण के दौरान कुछ ऐसी ही स्थितियों का सामना करना पड़ा था।
हालांकि मोहनजो दाड़ो के संगीत की बात करें तो, यह पहले से ही लोकप्रिय हो चुका है। इसके संगीत को लेकर हाल ही में दिग्गज संगीतकार ए.आर. रहमान ने कहा कि फिल्म निर्देशक आशुतोष गोवारीकर को किसी गीत के लिए सही धुन और बोल चुनने की अच्छी समझ है और यह उनकी फिल्मों के कई गीतों में नजर आती है।