नई दिल्ली: बीते कुछ महीनों से देश में असहिष्णुता के मुद्दे पर हंगामा मचा हुआ है। दादरी जैसी हिंसा के बाद साहित्यकारों में अपना अवार्ड लौटाने की होड़ सी मच गई। वहीं इसी बहस में राजनेताओं के साथ साथ फिल्म इंडस्ट्री में भी दो फाड़ हो चुकी है। देश में माहौल खराब है या नहीं इसको लेकर अब बॉलीवुड दो हिस्सों में बंटी हुई नजर आ रही है। आज हम अपनी खबर में आपको फिल्मी जगत के इन दो खेमो के बारे में बताएंगे। जानिए किसका मानना है कि देश में एक तबके के लोगों के लिए माहौल खराब है और किसका कहना है कि भारत में सबकुछ ठीक है।
इनको देश में कुछ गलत लगता है-
शाहरुख खान-
शाहरुख खान ने यह कहकर हंगामा खड़ा कर दिया था। शाहरुख ने दो नवंबर को एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान यह कहा था कि देश में धर्म को लेकर असहिष्णुता का बढ़ना सबसे खराब बात है। शाहरुख के इस बयान के बाद उनकी हर ओर से आलोचना होने लगी। राजनीति जगत के अलावा फिल्म जगत के कुछ लोग भी शाहरुख के खिलाफ खड़े नजर आए। वहीं जब शाहरुख के दुश्मन माने जाने वाले सलमान खान से उनकी टिप्पणी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने भी यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि उन्होंने शाहरुख की टिप्पणी को सुना नहीं है।
आमिर खान-
बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहे जाने वाले आमिर खान ने भी असिष्णुता के मुद्दे पर अपनी टिप्पणी देकर हर किसी को हैरान कर दिया। राम नाथ गोइनका अवार्ड वितरण समारोह के दौरान आमिर खान ने कहा कि देश में असहिष्णुता बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि जब मैं अपनी पत्नी किरण से बाते करता हूं तो किरण कहती है कि उसे देश में डर लगता है। आमिर ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से वो खुद महसूस करते हैं कि देश में असुरक्षा और भय की भावना बढ़ी है। वहीं आमिर की इस टिप्पणी पर उन्हें तीखी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।