नई दिल्लीः कई सेलेब्रिटीज चेन्नई में आई आपदा का दुख दूर करने के लिए आगे आए हैं। अभिनेता सिद्धार्थ और आर जे बालाजी शुरुआत से ही सहायता की इस मुहिम में आगे खड़े हुए दिख रहे हैं। इसके बाद तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के भी कई सितारों ने लोगों की सहायता के लिए अपनी ओर से छोटी-छोटी मदद करना शुरु कर दी है।
दक्षिण भारतीय सिनेमा के बाद अब बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने भी मदद का हाथ आगे बढ़ाया हैं। खबरों की माने तो शाहरुख खान ने तमिल नाडु की मुख्यमंत्री के चेन्नई रिलीफ फंड में एक करोड़ रुपए का योगदान दिया हैं।
ये भी पढ़ें- दिलवाले शाहरुख-काजोल आए कॉमेडी नाइट्स विद कपिल में
ट्विटर पर #SRKDonates1CroreToChennai ट्रेंड कर गया है और एक तस्वीर भी वायरल हुई जिसमें शाहरुख के प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज ने एक चिठ्ठी में तमिल नाडु की मुख्यमंत्री को डोनेशन के तौर पर एक करोड़ रुपयों की मदद पेश की है। नीचे तस्वीर में देखिए रेड चिलीज का पत्र-

इससे पहले एक लोकप्रिय तमिल मैगेजीन में ये बताया गया था कि चेन्नई में आई त्रासदी के लिए शाहरुख खान अपनी आगामी फिल्म ‘दिलवाले’ की पहले दिन की कमाई चेन्नई रिलीफ फंड में दान करेंगे।
कुछ समय पहले शाहरुख ने ट्विटर के जरिए वहां के लोगों के लिए प्रार्थना की थी। उन्होंने लिखा था, भगवान चेन्नई में रह रहे हमारे भाइयों और बहनों की रक्षा करें। प्रकृति का गुस्सा विक्राल है, भगवान उन लोगों को इससे लड़ने की शक्ति दें। इंशा अल्ला

दिलवाले को शाहरुख की पत्नी गौरी खान ने प्रड्यूस किया है, हालांकि डोनेशन की इस खबर पर शाहरुख या गौरी की मोहर लगनी बाकी है।
टॉलीवुड के कई सेलेब्रिटीज जैसे राणा दग्गुबत्ती और अल्लु अर्जुन ने एक बड़ी राशि चेन्नई और कुड्डलौर के पीड़ितों के लिए दान की है। मलयालम सुपरस्टार मम्मूती ने भी रिलीज फंड में योगदान दिया है। यहीं नहीं उन्होंने पीड़ितों से उनके घर और हॉल्स को इस्तेमाल करने का निवेदन किया है।