नई दिल्ली: इस हफ्ते दो बड़ी फिल्में रिलीज हुई हैं, नवाजुद्दीन सिद्दिकी की ‘फ्रीकी अली’ और सिद्धार्थ मल्होत्रा की ’बार-बार देखो’। पहले दिन की कमाई के हिसाब से बात करें तो निश्चित रूप से सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म ‘फ्रीकी अली’ पर भारी पड़ी है। वैसे, शनिवार और रविवार के साथ-साथ बकरीद की छुट्टी का फायदा दोनों फिल्मों को मिल सकता है और इनकी कमाई में अच्छा इजाफा हो सकता है।
इन्हें भी पढ़ें:
सोहेल खान के निर्देशन में बनी ‘फ्रीकी अली’ के 1,200 से ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया था। पहले दिन भारत के सिनेमाघरों में इस फिल्म की कमाई 2.55 करोड़ रही। मॉर्निंग शो में फिल्म की ऑक्युपेंसी सिर्फ 10-15 पर्सेंट थी, जिसका खामियाजा इसे उठाना पड़ा। हालांकि इवनिंग शो में दर्शकों की भीड़ बढ़ती गई और फिल्म ने दिन का अंत होने तक ठीक-ठाक कमाई कर ली थी। यह फिल्म कई दर्शकों को काफी पसंद आई है और इसीलिए फिल्म विशेषज्ञों को लगता है कि ‘फ्रीकी अली’ माउथ पब्लिसिटी के दम पर आगे अच्छी कमाई कर सकती है।
वहीं ’बार-बार देखो’ की बात की जाए तो सिद्धार्थ मल्होत्रा और कटरीना कैफ की इस फिल्म ने पहले दिन लगभग 12-13 करोड़ की कमाई कर ली है, हालांकि इस फिल्म को भी सुबह को शो में दर्शकों की कमी का सामना करना पड़ा। यदि यह आंकड़े सही है तो इस फिल्म की ओपनिंग ‘एयरलिफ्ट’, ’कपूर ऐंड संस’ और ’फितूर’ से ज्यादा हो जाएगी। इस फिल्म को लगभग 2,000 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया है। विशेषज्ञों की मानें तो लगभग 50 करोड़ रुपये के बजट से बनी ’बार-बार देखो’ अपने पहले ही वीकेंड में 30 करोड़ रुपये तक कमा लेगी।