नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में बनी रहती हैं। उन्हें हिन्दी सिनेमाजगत में एक बेबाक और बोल्ड अदाकारा के रूप में जाना जाता है। कंगना हमेशा से ही बिंदास गर्ल रही हैं, वह अपने दिल की सुनती हैं और वही करती हैं जो उन्हें ठीक लगता है। हाल ही में उन्होंने अपनी शादी के बारे में भी एक ऐसा ही बयान दे दिया है जिसे सुनने के बाद हर कोई चौंक जाएगा। जहां एक तरफ बॉलीवुड अभिनेत्रियां इन दिनों एक भी शादी करने के लिए तैयार नहीं हैं वहीं कंगना का कहना है कि उनकी एक बार नहीं बल्कि कई बार शादी होगी। दरअसल कंगना रनौत ने मजाकिया अंदाज में कहा है कि उनकी एक से अधिक शादी हो सकती हैं।
इसे भी पढ़े:-
बॉलीवुड में प्रवेश करने के बाद से अपने निजी जीवन को लेकर सुर्खियों में रहने वाली कंगना का मानना है कि अगर चीजें काम नहीं करती हैं तो फिर से शादी करने में कुछ भी गलत नहीं है।
इंडिया कॉचर फैशन वीक में अपने डिजाइनर दोस्त मानव गंगवानी के लिए शो स्टॉपर बनी कंगना ने मीडिया से बात करने के दौरान कहा, "मानव और मैं मेरी शादी के बारे में बात कर रहे थे। मैंने उनसे कहा कि मेरी पहली शादी में, निश्चित तौर पर मैं उनके डिजाइन किये हुए परिधान पहनूंगी।" जब कंगना से यह पूछा गया कि क्या उन्हे विश्वास है कि उनकी एक से अधिक शादी होगी, तब उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, "क्यों नहीं? अगर एक हो सकती है तो कई हो सकती है।"
कंगना रनौत जल्द हंसल मेहता के निर्देशन में बनने जा रही फिल्म 'सिमरन' में नजर आ सकती हैं। इस फिल्म में वह अपने 'क्वीन' के सह-अभिनेता राजकुमार राव के साथ एक बार फिर से रोमांस करती हुई दिखेंगी। इसके अलावा वह आगामी फिल्म रंगून में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में वह शाहिद कपूर और सैफ अली खान के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।