मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता के के मेनन को हाल ही में फिल्मकार अंकुश भट्ट ने अपनी आगामी फिल्म '3 देव' में मुख्य भूमिका के लिए साइन किया है। इस फिल्म में के के मेनन के किरदार के साथ काफी कुछ अलग करने की कोशिश की गई है। फिल्म के निर्देशक अंकुश का कहना है कि फिल्म में लोग उनके अभिनय को देख हैरान रह जाएंगे। अंकुश भट्ट ने कहा, "के के मेनन निर्देशक की खुशी है। वह '3 देव' में अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को चौंका देंगे।" फिल्म '3 देव' में के के मेनन के साथ टिस्का चोपड़ा महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगी। इसमें पत्नी टिस्का चोपड़ा काफी धार्मिक विचारों की है, जबकि पति वैसा नहीं है।
इसे भी पढ़े:- के के, रिचा की फिल्म की शूटिंग अगस्त में
अंकुश भट्ट ने कहा, "हमने सभी को बताया है कि धार्मिक अनुष्ठान किस तरह करना है या किस तरह नहीं। लेकिन हमने यह नहीं बताया कि भगवान क्या हैं। '3 देव' में मजाकिया अंदाज में दिखाया गया है कि भगवान क्या हैं और यही वजह है कि हमें भगवान पर विश्वास करना चाहिए।" उन्होंने कहा, "हालांकि यह आसान लग सकता है, लेकिन '3 देव' फिल्म बनाना बेहद मुश्किल था।"
इस फिल्म में करण सिंह ग्रोवर, कुणाल रॉय कपूर और टेलीविजन अभिनेता रवि दुबे तीन युवाओं के किरदार में हैं। रवि दुबे इस फिल्म के साथ बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत करने जा रहे हैं।
के के मेनन की पिछली फिल्मों को देखा जाए तो उन्होंने अपनी हर फिल्म में अपने किरदारों से दर्शकों को लुभाया हैं। अब देखना है कि इस फिल्म में वह क्या कमाल करने जा रहे हैं। साजिद-वाजिद फिल्म के संगीत-निर्देशक हैं। इसमें राइमा सेन, प्रोसेनजीत चटर्जी और प्रिया बनर्जी जैसे कलाकार भी प्रमुख भूमिका में हैं।