मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के सीमित ओवरों के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर बनी फिल्म ने रिलीज होने से पहले ही 60 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ नाम की इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि फिल्म के निर्माताओं ने इसके सैटलाइट राइट्स बेचकर रिलीज के पहले ही 60 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम कमा ली है। ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी खिलाड़ी के जीवन पर बनी फिल्म ने रिलीज के पहले इतनी कमाई की है।
इन्हें भी पढ़ें:
- सलमान खान ने यूं बदल दी अपनी 'राखी बहन' की जिंदगी
- केआरके का पलटवार, अजय देवगन पर लगाए गंभीर आरोप
- ऐश्वर्या की ‘ऐ दिल है मुश्किल’ के बारे में सलमान ने किया यह कॉमेंट
मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, नीरज पांडे के निर्देशन में बनी ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ ने 45 करोड़ रुपये सैटलाइट राइट्स से और 15 करोड़ रुपये इस फिल्म में दिखाई दिए सारे ब्रांड्स से कमाए हैं। आंकड़ों पर जाया जाए तो हम कह सकते हैं कि माही की फिल्म ने पहले ही हेलिकॉप्टर शॉट जड़ दिया है। इस फिल्म की कहानी को हकीकत के करीब दिखाने के लिए इसकी शूटिंग रांची और खड़गपुर में की गई है। खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर ही महेंद्र सिंह धोनी एक टीटी के रूप में कार्यरत थे।
फिल्म के ट्रेलर को देखकर लगता है कि सुशांत सिंह राजपूत ने इस फिल्म में धोनी की भूमिका निभाने के लिए काफी मेहनत की है। ‘कैप्टन कूल’ के हेलिकॉप्टर शॉट को सीखने के लिए सुशांत को घंटों पसीना बहाना पड़ा है। ‘रील लाइफ’ के धोनी ने किरन मोरे से भी ट्रेनिंग ली, जो कि ‘रियल लाइफ’ धोनी के भी कोच थे।