नई दिल्ली: सलमान खान की आगामी फिल्म 'सुल्तान' की शूटिंग के दौरान हाल ही में अभिनेता रणदीप हुड्डा बेहोश हो गए थे। इसके बाद उन्हें फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रणदीप रविवार शाम अपेन्डिसाइटिस के दर्द के कारण फिल्म के सेट पर गिर गए थे। इसके बाद सोमवार को उनकी फोर्टिस अस्पताल में सर्जरी हुई। रणदीप की डॉक्टर बहन अंजलि हुड्डा ने कहा है कि वजन को घटाना-बढ़ाना मानसिक व शारीरिक रूप से तकलीफदेह होता है। उन्होंने यह भी कहा कि रणदीप का अपेन्डिसाइटिस वजन के घटने-बढ़ने से सीधे संबंधित नहीं है।
इसे भी पढ़े:- ऐश्वर्या की वजह से सलमान को छोड़नी पड़ी ये फिल्म
अंजलि से पूछा गया कि एक कलाकार के लिए किरदार की मांग पर वजन घटाना-बढ़ाना कितना मुश्किल होता है? मेटाबोलिज्म विशेषज्ञ डा. अंजलि ने बताया, "एक कलाकार के लिए यह शायद मुश्किल न हो, क्योंकि रणदीप बहुत दृढ़ निश्चय वाले हैं, लेकिन उनके शरीर के लिए यह बहुत मुश्किल है, क्योंकि शरीर आपके कम खाने की वजह नहीं समझता है। यह शारीरिक व मानसिक रूप से बहुत कठिन है।"
अंजलि ने यह भी कहा कि इन कलाकारों में दृढ़ निश्चय इतना ज्यादा होता है कि उन्हें वजन के घटने-बढ़ने के मतलब का अहसास ही नहीं होता है।
क्या अचानक से वजन घटाना-बढ़ाना ही रणदीप की स्वास्थ्य समस्या की वजह है? इसके जवाब में उन्होंने कहा, "अपेन्डिसाइटिस का वजन के घटने-बढ़ने से सीधा संबंध नहीं है, लेकिन हां, एक्सट्रीम टाइप का वेट लॉस तकलीफदेह हो सकता है, क्योंकि उस वक्त भोजन में कोई फाइबर (रेशा) नहीं होता है।"
फिल्म 'सुल्तान' में रणदीप, सलमान खान के कोच के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में अनुष्का शर्मा भी मुख्य भूमिका में दिखेंगी। इसके अलावा रणदीप फिल्म 'सरबजीत' में भी नजर आ रहे हैं। इस फिल्म में वह भारतीय नागरिक सरबजीत का किरदार निभाते हुए दिखेंगे। इस फिल्म के लिए उन्होंने अपना काफी वजन भी घटाया था।