मुंबई: कुछ वक्त पहले मीडिया में यह खबर आई थी कि बॉलीवुड निर्देशक संजय लीला भंसाली अब तेलुगू हिट फिल्म 'मगाधीरा' के रिमेक पर काम करने जा रहे हैं। लेकिन हाल ही में इन सभी बातों का खंडन किया है कि वह इस फिल्म का रिमेक बनाने वाले हैं। भंसाली के प्रवक्ता ने सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए एक बयान में कहा, "ऐसी कोई फिल्म नहीं बन रही। यह खबर बिल्कुल झूठी है। संजय लीला भंसाली 'मगाधीरा' का रीमेक नहीं बना रहे या किसी अन्य रीमेक का निर्देशन नहीं कर रहे। यह खबर बिल्कुल निराधार है।"
इसे भी पढ़े:- राज कपूर और संजय लीला भंसाली बने एजाज खान की प्रेरणा
एस.एस. राजमौली के निर्देशन में बनी फिल्म मगधीरा वर्ष 2009 में सिनेमाघरों में रिलीज की गई थी। इस फिल्म को दर्शकों से काफी सराहना हासिल हुई थी। इस फिल्म में राम चरण, काजल अग्रवाल, देव गिल और श्रीहरी मुख्य किरदारों में नजर आए थे।
खबरों की मानें तो ऐसा भी कहा जा रहा है कि इस फिल्म के हिन्दी रिमेक के राइट्स साजिद नाडियाडवाला के पास हैं और वह जल्द ही इस पर काम पर करने वाले हैं। खबरें है कि इसे प्रभु देवा के निर्देशन में बनाया जाएगा। फिल्म में शाहिद कपूर मुख्य किरदार निभाते हुए नजर आ सकते हैं। फिलहाल फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम किया जा रहा है। इसके हिन्दी रिमेक के लिए अभी तक किसी भी अभिनेत्री का नाम सामने नहीं है।
संजय लीला भंसाली कि पिछली बॉलीवुड फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ को दर्शकों और फिल्म समीक्षकों से काफी सराहना हासिल हुई थी। फिल्म ने बॉक्सऑफिस पर भी शानदार कमाई की थी।