नई दिल्ली: हॉलीवुड रॉकस्टर जस्टिन बीबर के साथ परफॉर्म करने को लेकर अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा विवादों में हैं। कैलाश खेर और अरमान मलिक जैसे कई सिंगर्स ने सोनाक्षी की आलोचना की तो सोना ने फैसला कर लिया कि वह अब इस शो में परफॉर्म नहीं करेंगी। लेकिन लगता है ये विवाद इतनी जल्दी सोनाक्षी का पीछा नहीं छोड़ने वाला है। तभी तो एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने एक बार फिर हेडलाइन में जगह बना ली है।
जस्टिन बीबर वाले मामले में सोनाक्षी और सिंगर सोना महापात्रा के बीच ट्विटर वॉर हो गया और बहस बढ़ी तो सोनाक्षी ने सोना को ट्विटर से ही ब्लॉक कर दिया।

इसके बाद सोना महापात्रा ने पोस्ट का एक स्क्रीनशॉट ट्विटर पर शेयर किया, जिसमें लिखा था कि सोनाक्षी ने आपको ब्लॉक कर दिया है। बेबाकी से अपनी राय रखने वाली सोना ने स्क्रीनशॉट पोस्ट करने के साथ ही पोस्ट में लिखा, ‘’हा हा हा, मैंने कभी इस प्रतिभा और बुद्धिमत्ता को फॉलो नहीं किया।‘’
बीबर के भारत आने को लेकर बॉलीवुड सेलिब्रिटीज खासे उत्साहित हैं। जस्टिन बीबर के साथ सोनाक्षी गाना गाने वाली थीं, लेकिन कई गायकों ने इसका विरोध किया था। जिसके बाद सोनाक्षी ने स्टेटमेंट जारी करके कहा था कि वो इस शो में परफॉर्म नहीं करने वाली हैं।
पॉपुलर पॉप स्टार जस्टिन बीबर अपने फेमस ‘पर्पज वर्ल्ड टूर’ के तहत 10 मई को भारत में प्रदर्शन करने वाले हैं।