1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. न नवाजुद्दीन, न कमल हासन, इकलौता मेल एक्टर जिसे मिला बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड, खूंखार खलनायक बन हुआ मशहूर

न नवाजुद्दीन, न कमल हासन, इकलौता मेल एक्टर जिसे मिला बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड, खूंखार खलनायक बन हुआ मशहूर

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Apr 15, 2026 10:05 am IST,  Updated : Apr 15, 2026 10:05 am IST

साल 1996 में एक ऐसी फिल्म की चर्चा हुई, जिसकी कहानी समय से काफी आगे थी। फिल्म भले ही बड़े पर्दे पर रिलीज नहीं हो सकी लेकिन इसके लीड एक्टर को बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड दिया गया। दुनिया में ये इकलौता एक्टर है जिसके नाम ये खिताब दर्ज है।

daayra, nirmal pandey, sonali kulkarni- India TV Hindi
फिल्म दायरा में निर्मल पांडे और सोनाली कुलकर्णी। Image Source : IMDB

भारतीय सिनेमा के इतिहास में कई अभिनेत्रियों ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का खिताब जीतकर देश का मान बढ़ाया है, लेकिन इन पुरस्कारों की सूची में एक ऐसा नाम भी शामिल है जो सबको हैरान कर देता है। यह सम्मान किसी महिला को नहीं, बल्कि एक पुरुष अभिनेता को मिला था, जिन्होंने एक किन्नर के किरदार को इतनी शिद्दत से निभाया कि दुनिया उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री मान बैठी। आज ये एक्टर भले ही इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन इनकी एक्टिंग का लोहा पूरी फिल्म इंडस्ट्री मानती है। खास तौर पर उनके इस किरदार की जमकर सराहना की जाती है।

एक अनोखा अंतरराष्ट्रीय सम्मान

भारतीय फिल्मों में कमल हासन (चाची 420), गोविंदा (आंटी नंबर 1) से लेकर नवाजुद्दीन सिद्दीकी और अक्षय कुमार जैसे सितारों ने क्रॉस-ड्रेसर या ट्रांसजेंडर की भूमिकाएं निभाई हैं, लेकिन इनमें से कोई भी वह उपलब्धि हासिल नहीं कर पाया जो दिवंगत अभिनेता निर्मल पांडे के नाम दर्ज है। 90 के दशक में 'औजार' और 'गॉडमदर' जैसी फिल्मों में विलेन की भूमिका निभाने वाले निर्मल पांडे ने अपने करियर की शुरुआत में अमोल पालेकर की फिल्म 'दायरा' (1996) में काम किया था। इस फिल्म में उन्होंने एक ऐसे ट्रांसजेंडर का किरदार निभाया जिसे एक यौन शोषण की शिकार महिला से प्रेम हो जाता है। 1997 में फ्रांस के वैलेंसिएन्स फिल्म फेस्टिवल में एक ऐतिहासिक पल आया, जब निर्मल पांडे को उनकी सह-कलाकार सोनाली कुलकर्णी के साथ संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया। किसी भारतीय पुरुष अभिनेता द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीतने की यह पहली और इकलौती घटना थी, जिसे लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज किया गया।

nirmal pandey
Image Source : IMDBनिर्मल पांडे।

भारत में क्यों नहीं रिलीज हो पाई 'दायरा'?

हैरानी की बात यह है कि जिस फिल्म ने दुनिया भर में वाहवाही बटोरी, वह भारत के सिनेमाघरों तक कभी नहीं पहुंच सकी। अमोल पालेकर द्वारा निर्देशित 'दायरा' अपनी बोल्ड थीम और महिलाओं के खिलाफ अपराधों जैसे संवेदनशील विषयों पर आधारित थी। सेंसर बोर्ड ने फिल्म के कुछ संवादों और सीन्स को अश्लील बताते हुए उन्हें हटाने का निर्देश दिया था। काफी जद्दोजहद के बाद अगस्त 1996 में फिल्म को ए सर्टिफिकेट तो मिला, लेकिन वितरकों की कमी या कई और विवादों के कारण यह थिएटर में रिलीज नहीं हो पाई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारी सराहना मिलने के कुछ साल बाद भारत में इसे सीधे डीवीडी पर जारी किया गया।

एक बहुमुखी अभिनेता का सफर

1962 में जन्मे निर्मल पांडे नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) के छात्र थे। अभिनय की बारीकियां सीखने के बाद वह लंदन चले गए जहां उन्होंने थिएटर में काम किया। भारत लौटने पर उन्होंने 1994 में शेखर कपूर की प्रसिद्ध फिल्म 'बैंडिट क्वीन' से डेब्यू किया, जिसमें उन्होंने डकैत विक्रम मल्लाह की भूमिका निभाई थी। निर्मल पांडे अपनी बहुमुखी प्रतिभा के लिए जाने जाते थे। जहां एक ओर उन्होंने 'प्यार किया तो डरना क्या' और 'वन 2 का 4' जैसी फिल्मों में खूंखार विलेन के रोल किए, वहीं 'हद कर दी आपने' जैसी फिल्मों में अपनी कॉमेडी से दर्शकों को गुदगुदाया भी। दुर्भाग्यवश साल 2010 में महज 47 साल की आयु में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। उनकी अंतिम फिल्म 'लाहौर' उनके निधन के बाद रिलीज हुई थी। आज भी जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सिनेमा के गौरवशाली पलों की बात होती है तो निर्मल पांडे का यह सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री वाला पुरस्कार एक अद्भुत मिसाल के तौर पर याद किया जाता है।

ये भी पढ़ें: 'महाभारत' के क्यूट बाल बलराम याद हैं? 38 साल में बदली तकदीर, बने TV के सबसे फेमस खलनायक, कद-काठी देख थर-थर कांपते हैं हीरो

Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2: तुलसी ने किया नोइना के फर्जी कैंसर का भंडाफोड़, शो में आया बड़ा ट्विस्ट, खत्म हुआ लीड एक्ट्रेस का सफर

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन