श्रीनगर: दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के एक गांव में हुई भीषण झड़प में सुरक्षा बलों के 3 अधिकारियों सहित 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि झड़प तब शुरू हुई जब पुलिस के सहयोग से सेना और CRPF ने घरों की तलाशी के लिए रोहोमू गांव को चारों और से घेर लिया।
देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने जब तलाशी अभियान चलाया तो स्थानीय बाशिंदे सड़कों पर निकल आए और पथराव शुरू कर दिया जिसके बाद झड़प हो गई। उन्होंने बताया कि झड़प में करीब 30 लोग घायल हो गए। सुरक्षा बलों ने शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए दर्जनों आंसू गैस के गोले छोड़े और पैलेट गन का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने बताया कि छर्रे से जख्मी हुई 2 लड़कियों सहित 6 लोगों को खास उपचार के लिए श्रीनगर में SMHS अस्पताल लाया गया।
घटना पर बयान देते हुए पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘सुरक्षा बलों ने आज सुबह रोहोमू गांव की घेराबंदी कर दी। कुछ उपद्रवी आ जुटे और सुरक्षा बलों पर पथराव किया। बाद में भारी भीड़ जमा हो गयी और सुरक्षा बलों के शिविर पर पथराव किया। अतिरिक्त दस्ते को भेजा गया है।’ बहरहाल, बाशिंदों ने आरोप लगाया कि सुरक्षा बलों ने एक सेवानिवृत पुलिस अधिकारी सहित स्थानीय लोगों के साथ बुरा बर्ताव किया और घरों की खिड़कियों के शीशे तथा पार्किंग की हुई गाडि़यों के शीशे तोड़ दिए, जिसके बाद झड़प शुरू हुई।