1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अंडमान: हैवलॉक द्वीप से 400 से ज्यादा पर्यटकों को बचाया गया

अंडमान: हैवलॉक द्वीप से 400 से ज्यादा पर्यटकों को बचाया गया

 Written By: IANS
 Published : Dec 09, 2016 11:55 pm IST,  Updated : Dec 09, 2016 11:55 pm IST

भारतीय तटरक्षक और भारतीय वायुसेना ने शुक्रवार को अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के हैवलॉक द्वीप पर भारी बारिश व तूफान के कारण फंसे 400 से ज्यादा पर्यटकों को बचाया।

Rescue- India TV Hindi
Rescue Image Source : PTI

नई दिल्ली: भारतीय तटरक्षक और भारतीय वायुसेना ने शुक्रवार को अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के हैवलॉक द्वीप पर भारी बारिश व तूफान के कारण फंसे 400 से ज्यादा पर्यटकों को बचाया। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। दो भारतीय तटरक्षक बल के जहाजों, आईसीजीएस राजवीर 122 से ज्यादा पर्यटकों और आईसीजीएस कनकलता बरुआ 120 से ज्यादा पर्यटकों के साथ हैवलॉक द्वीप से पोर्ट ब्लेयर पहुंचा।

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

आईएएफ के प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय वायु सेना (आईएएफ) ने बचाव के दो अभियानों में 208 पर्यटकों को बचाया। तीसरे चरण का बचाव अभियान चल रहा है। आईएएफ ने तीन एमआई-17 वी5 हेलिकॉप्टरों को राहत अभियान में हैवलॉक द्वीप पर लगाया है।

भारतीय नौसेना ने अपने बयान में कहा, "बचाव अभियान के लिए पोर्ट ब्लेयर से भारतीय नौसेना के छह जहाज और भारतीय तट रक्षक के दो जहाज सुबह 9.30 बजे रवाना हुए। हैवलॉक द्वीप में फंसे पर्यटकों को निकालने के लिए राज्य प्रशासन, भारतीय तट रक्षक, नौसेना के संयुक्त अभियान में वायु सेना के तीन हेलीकॉप्टर भी शामिल हुए हैं।"

चक्रवाती तूफान आने की आशंका के मद्देनजर अंडमान एवं निकोबार के आपदा प्रबंधन द्वारा आग्रह किए जाने पर राजधानी पोर्ट ब्लेयर से लगभग 36 किलोमीटर दूर हैवलॉक द्वीप से पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के लिए आकस्मिक निकासी मिशन शुरू किया गया।

नौसेना ने हैवलॉक द्वीप पर फंसे पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बुधवार को अभियान शुरू किया था। हालांकि बेहद खराब मौसम की वजह से पर्यटक जहाजों में सवार होने के लिए जेटी तक नहीं पहुंच सके। अंडमान एवं निकोबार के आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालने गए चार जहाजों को विफल होकर लौटना पड़ा।

आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "मौसम में अब सुधार हुआ है। अब केवल सामान्य बारिश हो रही है और हवाएं चल रही हैं। हमें उम्मीद है कि पर्यटक जेटी तक पहुंच जाएंगे। पोर्ट ब्लेयर से जहाज पहले ही रवाना हो चुके हैं।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत