नई दिल्ली: केन्द्रीय सतर्कता आयोग (CVC) का कहना है कि केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो के अधिकारियों के खिलाफ 56 मामले लंबित हैं। संसद में हाल में रखे गए अपनी वार्षिक रिपोर्ट में संस्था ने कहा है, आयोग सीबीआई अधिकारियों के खिलाफ लंबित मामलों की लगातार समीक्षा करता है। सीबीआई अधिकारियों के खिलाफ लंबित मामले देश की महत्वपूर्ण जांच एजेंसी की छवि और साख पर प्रभाव डालते हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 31 दिसंबर, 2015 तक सीबीआई के विभिन्न अधिकारियों के खिलाफ कुल 56 मामले लंबित हैं। इनमें से 31 विभागीय मामले ग्रुप ए अधिकारियों और ग्रुप बी तथा सी के 25 मामले हैं।
उसमें कहा गया है कि इनमें से 19 मामले चार वर्ष से ज्यादा समय से, तीन मामले पिछले तीन वर्षों से जबकि पांच मामले दो वर्ष से ज्यादा समय से लंबित हैं। ऐसे सात मामले एक वर्ष से ज्यादा समय से जबकि 22 मामले एक वर्ष से कम समय से लंबित हैं।