दिल्ली मेट्रो में चोरी करने वाले गैंग की 6 चोरनियों को CISF ने गिरफ्तार किया है। इन्होंने हाल ही में NRI परिवार से चलती मेट्रो में 22 लाख रुपये की ज्वेलरी चुराई थी। इतनी बड़ी चोरी के बाद से ही CISF की टीम इस चोर गैंग की तलाश में थी। आरोपी महिलाओं से चोरी की ज्वेलरी बरामद हुई है।
ये चोर महिलाएं पलक झपकते ही मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के बैग से कीमती सामान चुरा लेती थीं और किसी को भनक तक नहीं लगती थी। ये छह चोरनी एक सेल्फी की वजह से हवालात पहुंची। दरअसल जिस वक्त पीड़ित नीलम कुमारी मेट्रो में सफर कर रही थीं, उन्होंने अपने मोबाइल से एक सेल्फी खींची थी। उस सेल्फी में एक चोरनी की तस्वीर भी आ गई थी जिसने शॉल पहना रखी थी। कई फुटेज देखने के बाद सेल्फी में दिखने वाली चोरनी की शिनाख्त हो सकी।
9 दिसंबर को इन चोरनियों ने अमेरिका के कैलिफोर्निया की रहने वाली नीलम कुमारी को शिकार बनाया। परिवार के साथ मेट्रो में सफर कर रही नीलम के बैग से चोरनी गैंग ने ऐसे चोरी की कि उन्हें पता तक नहीं चला। काफी देर बाद जब बैग पर उनकी नज़र गई तो उसमें रखे 22 लाख के कीमती सोने और हीरे के गहने गायब थे।
22 लाख की चोरी होने पर दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा में तैनात सीएसआईएफ में हड़कंप मचा था। जैसे ही सेल्फी में दिखने वाली चोरनी की सीसीटीवी में शिनाख्त हुई CISF ने उसे धर दबोचा। इस चोरनी से पूछताछ की तो उसने अपनी पांचों साथी का नाम उगल दिया। इस गैंग की सरगना कमला नाम की एक महिला है।
चोरी करने लिए गैंग की लड़कियां एक साथ मेट्रो में सफर करती थी। जिसको शिकार बनाती उसके आस पास खड़े होकर कुछ लड़कियां बात करके उसका ध्यान भटकाती थीं और इसी बीच एक लड़की बैग पर हाथ साफ कर देती थी। पकड़ी गई लड़कियां दिल्ली के मायापुरी की रहने वाली हैं।