1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. असम में पुलिस-भीड़ में झड़प, छात्र की मौत, 7 घायल

असम में पुलिस-भीड़ में झड़प, छात्र की मौत, 7 घायल

 Written By: IANS
 Published : May 12, 2016 11:23 am IST,  Updated : May 12, 2016 11:23 am IST

असम के सिलचर शहर में आक्रोशित भीड़ व पुलिस के बीच हुई एक झड़प में एक छात्र की मौत हो गई और 7 अन्य लोग घायल हो गए।

assam police and mob clash- India TV Hindi
assam police and mob clash

सिलचर: असम के सिलचर शहर में आक्रोशित भीड़ व पुलिस के बीच हुई एक झड़प में एक छात्र की मौत हो गई और 7 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो नागरिक व पांच पुलिसकर्मी शामिल हैं। पुलिस ने हालांकि दावा किया है कि हालात पर काबू पा लिया गया है, लेकिन बुधवार देर शाम घटी इस घटना के बाद शहर के अंदर और आसपास तनाव धीरे-धीरे बढ़ रहा है।

घटना उस वक्त की है, जब दो समूहों के बीच एक विवादित भूखंड को लेकर झगड़ा हो रहा था।

काछाड़ के पुलिस अधीक्षक राजवीर सिंह ने बताया, "पुलिस को सूचना मिली थी कि दो समूहों के बीच एक भूखंड को लेकर झगड़ा-फसाद हो रहा है, जिसके बाद एक पुलिस टीम मामले को निपटाने वहां गई। गुस्साए लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उन पर हमला किया।"

उन्होंने कहा, "पुलिस ने हालांकि शुरुआत में स्थिति पर काबू पा लिया था। बाद में बड़ी संख्या में लोग आए और व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग नं. छह को अवरुद्ध कर दिया, जो सिलचर व शिलांग को जोड़ता है। उन्होंने पुलिस टीम और राजमार्ग पर चल रहे वाहनों पर पत्थरबाजी की।"

पुलिस अधीक्षक ने कहा, "स्थिति हिंसक होने पर पुलिस ने हवा में गोलियां चलाईं। दुर्भाग्य से एक गोली 17 वर्षीया छात्र को लग गई, जो भीड़ का हिस्सा था।"

उन्होंने कहा, "स्थिति अब नियंत्रण में है और हालात को काबू में बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल की नियुक्ति की गई है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत