1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भोपाल में सेल्फी लेते वक्त तालाब में फिसलीं एथलीट, हुई मौत

भोपाल में सेल्फी लेते वक्त तालाब में फिसलीं एथलीट, हुई मौत

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 31, 2016 01:48 pm IST,  Updated : Jul 31, 2016 06:21 pm IST

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शनिवार शाम मछलियों के साथ सेल्फी लेने की कोशिश में महिला एथलीट पूजा कुमारी (21) की तालाब में गिरकर डूबने से मौत गई।

athlete died in pond while taking selfies in bhopal- India TV Hindi
athlete died in pond while taking selfies in bhopal

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शनिवार शाम मछलियों के साथ सेल्फी लेने की कोशिश में महिला एथलीट पूजा कुमारी (21) की तालाब में गिरकर डूबने से मौत गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने रविवार को IANS को बताया कि रातीबड़ क्षेत्र के गोरा गांव में स्थित साईं रीजनल स्पोर्ट्स सेंटर की महिला एथलीट पूजा कुमारी सेंटर में ही बने एक तालाब के किनारे मछलियों के साथ सेल्फी ले रही थीं। सेल्फी लेने की कोशिश में वह तालाब की ओर बढ़ती गईं। पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिर गईं और डूबने से उसकी मौत हो गई।

चंदेल के मुताबिक, पूजा मूल रूप से उत्तराखंड के काशीपुर की निवासी थीं। इस हादसे की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूजा शनिवार शाम एथलेटिक्स टैंक से अपने नियमित अभ्यास के बाद छात्रावास लौट रही थीं। उनके साथ नेहा व प्रीति नाम की दो अन्य खिलाड़ी भी थीं।

रास्ते में साईं सेंटर परिसर के भीतर बने तालाब में कुछ मछलियों को देखकर उनकी फोटो और मछलियों के साथ सेल्फी लेने की इच्छा हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों सेल्फी लेने में मस्त थीं कि अचानक पूजा तालाब के किनारे तक पहुंच गईं। बारिश के कारण मिटट्ी गीली थी। पूजा का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगीं।

साथियों ने पूजा को डूबते देखकर शोर मचाया। लोगों ने पहुंचकर पूजा को बाहर निकाला और अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

साईं रीजनल सेंटर के सूत्रों के अनुसार, पूजा लंबी दौड़ की एथलीट थीं और वह बीते तीन वर्षो से इस सेंटर में प्रशिक्षण हासिल कर रही थीं। इस सेंटर में देशभर के लगभग 300 खिलाड़ी प्रशिक्षण लेते हैं। उनके लिए यहां छात्रावास भी हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत