नई दिल्ली: योगगुरु बाबा रामदेव ने हरिद्वार के पास अपने योग ग्राम में एक लगज़री नैचुरोपैथी ट्रीटमेंट सेंटर यानी प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र की शुरुआत की। इसका उद्घाटन केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने किया। इस निरामयम् सेंटर को करीब सौ करोड़ की लागत से तैयार किया गया है। इस मौके पर इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर इन चीफ रजत शर्मा भी मौजूद थे।
निरामयम् में इलाज से लेकर यहां रहने खाने-पीने, ठहरने की व्यवस्था बिलकुल प्राकृतिक है। आम से लेकर खास हर व्यक्ति की सुविधा का ध्यान रखते हुए इसे तैयार किया गया है। सोना बाथ हो या स्टीम बाथ उसकी व्यवस्था भी निरामयम् में की गई है। यहां सुबह से ही उपचार की क्रिया शुरू हो जाती है जिसमें योग से लेकर नेचुरोपैथी प्रक्रिया शामिल है। निरामयम् दुनिया का सबसे बड़ा नेचुरोपैथी सेंटर होगा जिसमें एक साथ सौ लोग ठहर सकते हैं और अपना इलाज करा सकते हैं।
निरामयम् सेंटर में एक दिन का किराया दस हजार से लेकर पचास हजार तक है। अगर आप कोटेज बुक करना चाहते हैं तो तीस हजार रुपये देने होंगे जबकि वीवीआईपी ट्रीटमेंट के लिए आपको पचास हजार तक खर्च करने होंगे। यहां पर करीब बीस थैरेपिस्ट और पंद्रह डॉक्टर्स की निगरानी में लोगों का इलाज किया जाता है।
स्वामी रामदेव और उनकी टीम को उम्मीद है कि सिर्फ देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर से लोग यहां आएंगे और अपने तन-मन के तमाम विकारों से मुक्त होकर यहां से एक नए जीवन में प्रवेश करेंगे।