मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले में दिल दहलाने वाला बस हादसा हुआ है। जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में सोमवार को यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई। तालाब से अब तक 35 लोगों के शव निकाले गए हैं, कई लोगों के बस के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, करीब 50 यात्रियों को लेकर एक बस बेनीपट्टी से सीतामढ़ी की ओर जा रही थी। बसैठ चौक से कुछ दूरी पर चालक ने नियंत्रण खो दिया। बस सड़क के किनारे तालाब एक में गिर गई। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि पुलिस ने आस-पास के लोगों की मदद से अब तक 35 शव तालाब से निकाले गए हैं। आठ लोग तैरकर निकल आए। 10 लोग घायल हैं, जिन्हें बेनीपट्टी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि राहत और बचाव कार्य में एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया है। जिले के वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। स्थानीय लोग भी राहत कार्य में जुटे हैं।
इस बीच राहत और बचाव कार्य में देरी होने पर स्थानीय लोग उग्र हो उठे। उन्होंने एनडीआरएफ की गाड़ी में तोड़फोड़ की और पथराव किया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की तस्वीरें-





मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा
सीएम नीतीश कुमार ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने इस हादसे में मारे गए लोगों के निकट परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया है। सीएम ने अपने दो मंत्रियों मदन मोहन झा और कपिल देव कामथ को घटना स्थल पर भेजा है।