नयी दिल्ली: उत्तरी राज्यों में शीतलहर का प्रकोप जारी रहने के बीच जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में कई जगहों पर पारा जमाव बिंदु से नीचे आ गया जबक हिमाचल प्रदेश में ठंड से दो व्यक्तियों की मौत हो गयी। सुबह के समय कोहरे की वजह से रेल सेवाएं प्रभावित हुईं। दिल्ली आने वाली 26 ट्रेनें विलंब से चल रही हैं, आठ ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया और सात ट्रेने निरस्त कर दी गईं। हालांकि हवाई यातायात निर्बाध रूप से जारी रहा।
राष्ट्रीय राजधानी में शीतलहर से न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछले तीन सालों में जनवरी का सबसे कम तापमान है। क्षेत्रीय मौसम अनुमान केन्द्र के निदेशक रविन्दर भिषेन ने पीटीआई से कहा, आज का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री रहा जो पिछले तीन साल में जनवरी में सबसे कम है और यह इस मौसम का भी सबसे कम तापमान है। पड़ोसी गौतमबुद्ध नगर के प्रशासन ने सीबीएसई, आईसीएससी और उत्तर प्रदेश बोर्ड से संबंधित विद्यालयों को ठंड के चलते 15 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है।
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर और तेज हो गयी है, लाहौल स्पीति के कीलोंग में शून्य से 15 डिग्री नीचे न्यूनतम तापमान रहने के साथ ही सबसे सर्द रात रही है। आदिवासी और पहाड़ी इलाकों में ठिठुरन की स्थिति बनी रही। दो और व्यक्तियों की मौत हो जाने के साथ ही शिमला जिले में पिछले हफ्ते शुरू हुई बर्फबारी के बाद से अबतक कुल 10 लोगों की जान चली गयी। कई स्थानों पर जल आपूर्ति पाइप जम गए जिससे सात दिनों से पानी की आपूर्ति बाधित है।
जम्मू कश्मीर में कई स्थानों पर इस सीजन का सबसे कम रात का तापमान दर्ज किया गया। पहलगाम का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 13 डिग्री सेल्सियस रहा जो जनवरी में तीन साल में सबसे कम है। वहीं गुलमर्ग में चार साल में इस सीजन का सबसे कम रात्रि का तापमान दर्ज किया गया जो शून्य से नीचे 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
हरियाणा के नारनौल में शून्य से 0.5 डिग्री नीचे न्यूनतम तापमान रहा जबकि पंजाब के अमृतसर और आदमपुर में 0.8 डिग्री और शून्य से 0.1 डिग्री नीचे तापमान के साथ हाड़ कंपनी वाली ठंड पड़ रही है। बिहार की राजधानी पटना भी इस सीजन का सबसे निम्नतम तापमान 5.6 डिग्री रहा। राजस्थान में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है।