1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ‘आप कार्यकर्ता से जिस्म के साथ समझौता करने को कहा गया था’

‘आप कार्यकर्ता से जिस्म के साथ समझौता करने को कहा गया था’

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 28, 2016 02:09 pm IST,  Updated : Jul 28, 2016 02:09 pm IST

NCW की अध्यक्ष ललिता कुमारमंगलम ने आज कहा कि पिछले हफ्ते कथित रूप से खुदकुशी करने वाली आप कार्यकर्ता के परिवार ने आयोग के समक्ष आरोप लगाया है कि महिला को कहा गया था कि अगर वह पार्टी में आगे बढ़ना चाहती है तो वह अपने जिस्म के साथ समझौता करे।

soni- India TV Hindi
soni

नयी दिल्ली: राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ललिता कुमारमंगलम ने आज कहा कि पिछले हफ्ते कथित रूप से खुदकुशी करने वाली आप कार्यकर्ता के परिवार ने आयोग के समक्ष आरोप लगाया है कि महिला को कहा गया था कि अगर वह पार्टी में आगे बढ़ना चाहती है तो वह अपने जिस्म के साथ समझौता करे।

ललिता के अनुसार, उसको कहा गया था कि तुम अपने जिस्म से इतना प्यार करना बंद करो और समझौता करो, जब तक तुम यह नहीं करोगी तुम पार्टी में आगे नहीं बढ़ोगी। इंतहा तब हुई जब उस आदमी ने उसकी दो बेटियों का अपहरण करने की धमकी दी। राष्ट्रीय महिला आयोग की प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि यह मामला आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष तक जाता है। उन्होंने बताया कि परिवार ने आयोग से यह भी शिकायत की कि उन्हें परेशान किया जा रहा है और स्कूल तक महिला की दो बेटियों की पहुंच रोक दी गई है। आप कार्यकर्ता सोनी ने पिछले हफ्ते कथित रूप से खुदकुशी कर ली थी।

उसके परिवार के अनुसार वह यह जान कर अवसादग्रस्त हो गई थी कि उसका कथित यौन उत्पीड़न करने वाला, उसका पार्टी सहयोगी जमानत पर रिहा हो गया है। आप के प्रवक्ता दीपक बाजपेयी ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया करते हुए कहा, आरोपी कभी पार्टी से नहीं जुड़ा रहा, यहां तक कि वह पार्टी का प्राथमिक सदस्य तक नहीं रहा। पार्टी और दिल्ली सरकार के ही कहने पर यह मामला दर्ज कराया गया और आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

ललिता ने कहा कि उन्हें बताया गया कि परिवार को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा, स्कूल में बेटियों का दाखिला रोक दिया गया है और स्थानीय आम आदमी पार्टी विधायक इसके पीछे हैं, उन्होंने कहा, मैंने मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर से बात की और उन्होंने मुझे आश्वासन दिया कि वह दोनों लड़कियों का दाखिला किसी स्कूल में करा देंगे।

उन्होंने कहा कि परिवार ने उन्हें उपलब्ध सुरक्षा पर भी चिंता जताई और राष्ट्रीय महिला आयोग ने अपराध शाखा से परिवार को 24 घंटा सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने आज इस मामले में हरियाणा से रमेश भारद्वाज को गिरफ्तार किया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत