मुंबई: चार अग्रणी निजी उड़ान कंपनियों वाले भारतीय एयरलाइन संघ (FIA) ने शिवसेना के सांसद रविन्द्र गायकवाड पर लगा उड़ान प्रतिबंध आज हटा लिया। एयर इंडिया ने कल ही गायकवाड पर से उड़ान प्रतिबंध हटाया। एक दिन बाद जेट एयरवेज, स्पाइसजेट, गोएयर और इंडीगो वाले एफआईए ने प्रतिबंध हटाने का फैसला आज लिया।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
एफआईए के एक सूत्र ने बताया कि इस मुद्दे पर एयर इंडिया का फैसला आने के बाद संघ ने यह प्रतिबंध हटाया। एफआईए ने एक बयान में बताया कि उसकी सदस्य कंपनियां गायकवाड की उड़ान सुविधा इस आश्वासन के तहत बहाल कर रही हैं कि हमारी संपत्तियां और हमारे सहयोगियों को वह सम्मान दिया जाएगा जो अपने प्रत्येक दिन की कड़ी मेहनत के चलते इसके हकदार हैं।
गौरतलब है कि दिल्ली हवाई अड्डे पर एक कर्मी पर हमला करने के बाद एयर इंडिया ने 24 मार्च को अपने विमानों पर सवार होने पर गायकवाड पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद, एफआईए ने भी लोकसभा सांसद पर प्रतिबंध लगा दिया था।
सूत्रों ने बताया कि गायकवाड के खेद जताने और अच्छे आचरण के वादे के बाद, शुक्रवार को नागरिक विमानन मंत्रालय ने एयर इंडिया और साथ ही अन्य एयर लाइन को प्रतिबंध हटा लेने को कहा था।