1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Covid: एक्टिव केस हुए 4 लाख से कम, 132 दिनों बाद 30 हजार से नीचे रही नए मरीजों की संख्या

Covid: एक्टिव केस हुए 4 लाख से कम, 132 दिनों बाद 30 हजार से नीचे रही नए मरीजों की संख्या

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 27, 2021 09:50 am IST,  Updated : Jul 27, 2021 10:59 am IST

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में देशभर में 42 हजार 363 नए मरीज कोरोना से उबरे हैं, हालांकि 415 मरीजों की इस महामारी की वजह से मौत हो गई है।

good news active cases of covid-19 falls below 4 lakh mark Covid: एक्टिव केस हुए 4 लाख से कम, 132 दि- India TV Hindi
Covid: एक्टिव केस हुए 4 लाख से कम, 132 दिनों बाद 30 हजार से नीचे रही नए मरीजों की संख्या Image Source : PTI

नई दिल्ली. कोरोना के पिछले 24 घंटों के आंकड़ों ने थोड़ी और राहत दी है। देश में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या घटकर 4 लाख से कम हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार, देशभर में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 29 हजार 689 नए मामले सामने आए हैं, जो पिछले 132 दिनों में सबसे कम है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में देशभर में 42 हजार 363 नए मरीज कोरोना से उबरे हैं, हालांकि 415 मरीजों की इस महामारी की वजह से मौत हो गई है। ताजा आकंड़ों के सामने आने के बाद देश में अबतक सामने आए कोरोना के कुल मामले बढ़कर 3 करोड़ 14 लाख 40 हजार 951 हो गए हैं। इन मामलों में से 3 करोड़ 06 लाख 21 हजार 469 कोरोना को मात दे चुके हैं जबकि 4 लाख 21 हजार 382 लोगों की कोरोना संक्रमण की वजह से मौत हो चुकी है।

इस वक्त देश में कोरोना के एक्टिव मामले घटकर 3 लाख 98 हजार 100 रह गए हैं, जो कुल मामलों का 1.27 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 13,089 कमी आई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 97.39 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, अभी तक कुल 45,91,64,121 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 17,20,110 नमूनों की जांच सोमवार को की गई। देश में नमूनों के संक्रमित आने की दैनिक दर 1.73 प्रतिशत है।

नमूनों में संक्रमण की पुष्टि की साप्ताहिक दर 2.33 प्रतिशत है। अभी तक कुल 3,06,21,469 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। कोविड-19 से मृत्यु दर 1.34 प्रतिशत है। देश में अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की कुल 44.19 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।

देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख के पार हो गए। देश में 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार, चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत