केरल में गोकशी की घटना के बाद दिल्ली से केरल तक सियासी तूफान मचा हुआ है तो वहीं महाराष्ट्र से गोरक्षा के नाम पर गुंडागर्दी की घटना सामने आई है । महाराष्ट्र के वाशिम में एक कारोबारी को कुछ लोगों ने सिर्फ इसलिए पीट दिया क्योंकि उन्हें शक था वो गाय का मांस बेचता है ।
यहां तीन लोग मीट बेचने का कारोबार करते हैं। गो-रक्षकों को खबर मिली कि मांस बेचने के नाम पर गाय काटी जा रही है। इस बीच आठ से दस गोरक्षक वहां पहुंच गए और वहशियों की तर मारपीट करने लगे। गोरक्षकों का आरोप है कि ये लोग गोमांस बेच रहे थे लेकिन गोरक्षकों ने इस बात की शिकायत न तो पुलिस से की. और न प्रशासन से। इन्होंने पहले बेटे को मारापीटा और जब पिता बचाने आया तो उन्हें भी नहीं बक्शा।
गो-रक्षकों ने ये ग़ुंडागर्दी शुक्रवार को की। तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मीट बेच रहे तीन लोगों पर भी गोवंश कानून के तहत केस दर्ज किया है। वाशिम पुलिस ने मीट को जांच के लिए नागपुर की लैब में भेजा है।
गोहत्या पर नियम है, क़ानून है, बावजूद इसके गोरक्षा के नाम पर ऐसा आतंक मचाया जा रहा है। अब तो मीट का कारोबार करने वाले कांपने ही लगे हैं।