लखनऊ: भारतीय वायु सेना के 84वीं वर्षगांठ समारोह के अतंर्गत लखनऊ में वायु सेना स्टेशन बख्शी का तालाब (बीकेटी) में आगामी दो नवंबर को एक रोमांचक 'एयर शो' का आयोजन किया जाएगा। कई सालों बाद लखनऊ में आयोजित होने वाले इस 'एयर शो' के दौरान वायु सेना के एयरोबेटिक टीम द्वारा साहसिक एवं हैरतअंगेज हवाई करतब प्रदर्षित किए जाएंगे। इस 'एयर शो' में आकाशगंगा, सूर्यकिरण एवं सारंग का साहसिक प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
पीआरओ (डिफेन्स) लखनऊ गार्गी मलिक सिन्हा ने बताया कि इस एयर शो के आयोजन का उद्देश्य शहर के युवाओं को भारतीय वायु सेना में शामिल होकर अपने बेहतर कॅरियर के रूप में राष्ट्र सेवा का अवसर प्रदान करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि आकाशगंगा भारतीय वायु सेना की एक 14 सदस्यीय स्काइ डाइविंग टीम है। जिसे साल 1987 में गठित किया गया था। पैराट्रपर्स ट्रेनिंग स्कूल के पैरा इंस्ट्क्टर्स हैरतअंगेज हवाई करतब के लिए पूरी तरह समर्पित एवं कौशलप्राप्त हैं।
आकाशगंगा वर्षो से अपने हैरतअंगेज हवाई प्रदर्शन के लिए देश एवं विश्व में लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रही है। इस क्षेत्र में यह टीम विश्व के प्रतिष्ठित टीमों में से एक है।