नई दिल्ली: जनधन खातों में जमा नोटबंदी के 45 दिन में दोगुना होकर 87,000 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है। एक शीर्ष सरकारी अधिकारी ने बताया कि इसके चलते कर विभाग ऐसी जमाओं के बारे में सूचना जुटा रहा है।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
इसके अलावा कर विभाग के पास 4.86 लाख खातों में की गई छोटी 30,000 से 50,000 रुपये की जमा राशि के भी आंकड़े हैं। इन खातों में कुल जमा 2,000 करोड़ रुपये है। 10 नवंबर से 23 दिसंबर तक जनधन खातों में कुल 41,523 करोड़ रुपये की राशि जमा की गई। वहीं 9 नवंबर तक इन खातों में 45,637 करोड़ रुपये जमा थे। इस तरह जनधन खातों में कुल जमा 87,100 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
अधिकारी ने पीटीआई भाषा से कहा, जनधन खातों पर मिली सभी सूचना की जांच की जा रही है। यदि यह पाया गया कि इन खातों में जमा किसी और व्यक्ति की है तो उचित समय पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी ने बताया कि नोटबंदी के बाद पहले सप्ताह में जनधन खातों में 20,224 करोड़ रुपये की राशि जमा हुई। हालांकि, बाद में जमा में उल्लेखनीय गिरावट आई।