नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर से लापता हुए एक छात्र के मामले में कार्यवाही न करने को लेकर शुक्रवार को ITO स्थित पुलिस मुख्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) की मौजूदा जांच स्थिति को सार्वजनिक किए जाने की मांग की।
देश-दुनिया की ताजा खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
इसके अलावा विद्यार्थियों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आखिर पुलिस ने अब तक CCTV रिकॉर्डिग और अन्य दस्तावेजों की जांच क्यों नहीं की। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि लापता छात्र नजीब अहमद के साथ मारपीट करने वाले गुंडों से भी पुलिस ने आखिर अब तक पूछताछ क्यों नहीं की है। नजीब अहमद 14 अक्टूबर की रात से विश्वविद्यालय के हॉस्टल से लापता है। लापता होने से पहले कथित तौर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कुछ कार्यकर्ताओं ने नजीब के साथ मारपीट की थी।
नजीब के लापता होने पर पुलिस में मामला दर्ज किया जा चुका है और विश्वविद्यालय ने भी प्रॉक्टोरियल जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने नजीब का पता लगाने के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन भी किया है। शुक्रवार की शाम 4.30 बजे के लगभग पुलिस मुख्यालय के सामने जेएनयू के विद्यार्थियों ने धरना प्रदर्शन किया। पुलिस ने विद्यार्थियों के धरना-प्रदर्शन को अवैध बताते हुए उन्हें धरना बंद करने के लिए कहा। जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष मोहित पांडे की अध्यक्षता में विद्यार्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यालय के अंदर गया और पुलिस अधिकारियों के साथ बातचीत की।