वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले पर आज यहां एक युवक ने पर्चा फेंका जिससे सुरक्षाकर्मियों के होश उड़ गए। मोदी अपने लोकसभा क्षेत्र के दौरे पर थे। इस प्राचीन नगर के कबीर नगर इलाके में अपराह्न यह घटना घटी। प्रधानमंत्री भूमिगत बिजली केबलों को बिछाये जाने एवं स्ट्रीटलाइट लगाये जाने एवं विरासत भवनों पर रोशनी की विशेष व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए गए थे।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
इस रास्ते पर दोनों ओर सैकड़ों लोग खड़े थे। वीवीआईपी के आगमन के मद्देनजर इस इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया था। इसी बीच जब प्रधानमंत्री का काफिला वहां से गुजर रहा था, तब एक युवक ने काफिले की दिशा में एक पर्चा फेंका। युवक की उम्र 20 वर्ष के आसपास थी और उसने अपना मफलर पगड़ी की तरह लगा रखा था।
चौकस पुलिसकर्मी उसे पकड़ने दौड़े लेकिन वह भागने में कामयाब रहा। पर्चे फेंकने का दृश्य सोशल मीडिया पर फैल गया है। उसमें इस व्यक्ति ने खुद को सामाजिक कार्यकर्ता अभिनव त्रिपाठी बताया है और प्रधानमंत्री मोदी से यह स्वीकार कर लेने को कहा है कि उनकी काशी यात्रा का विरोध किया जा रहा है।
त्रिपाठी ने बैंक अधिकारियों के हाथों काशी के गरीबों के उत्पीड़न, मंदिरों, मस्जिदों, गिरजाघरों और गुरूद्वाराओं का नियंत्रण करने वाले अपराधियों पर कार्रवाई नहीं किये जाने, बनारस विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा अहम पदों पर संदिग्ध चरित्र वालों की नियुक्ति, अरबों की योजनाओं की घोषणा के बाद भी यहां के युवाओं को रोजगार नहीं मिलने का आरोप लगाया।