नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित समाचार अपार्टमेंट के एक फ्लैट में बुजुर्ग व्यक्ति की हत्या के मामले में 25 वर्षीया एक युवती को गिरफ्तार किया गया है। जांचकर्ताओं ने कहा कि महिला को परिस्थितिजन्य सबूत के आधार पर व सीसीटीवी फुटेज की मदद से गिरफ्तार किया गया। युवती ने पुलिस से कहा है कि वह दो साल पहले नौकरी के सिलसिले में बुजुर्ग व्यक्ति से मिली थी, लेकिन उन्होंने उसका यौन शोषण किया और इसकी एक वीडियो बना ली।
अपार्टमेंट के निवासियों ने कहा कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें सीसीटीवी फुटेज में ब्लू जिंस व टी शर्ट पहने दिख रही संदिग्ध की पहचान करने के लिए कहा। विजय कुमार (65) का शव समाचार अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल के फ्लैट में उनकी बेटी ने देखा था। घटना तब प्रकाश में आई, जब कुमार ने अपनी बेटी के फोन कॉल का जवाब नहीं दिया। इसके बाद वह अपने फ्लैट पर पहुंची, जहां उन्होंने शयनकक्ष में खून से लथपथ अपने पिता का शव देखा। पड़ोसियों ने कहा कि जिस वक्त घटना घटी, उस वक्त कुमार घर में अकेले थे। उनकी पत्नी वसुंधरा (60) यहां आयकर विभाग में काम करती हैं।