1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ट्रेन हादसे में लोगों की मौत पर पीएम मोदी ने शोक जताया

ट्रेन हादसे में लोगों की मौत पर पीएम मोदी ने शोक जताया

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jan 22, 2017 12:13 pm IST,  Updated : Jan 22, 2017 12:14 pm IST

कुनेरू: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश में ट्रेन हादसे में लोगों की मौत पर आज शोक व्यक्त किया और घटना को दुखद करार दिया। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

modi expressed grief over the loss of lives in the train...- India TV Hindi
modi expressed grief over the loss of lives in the train accident

कुनेरू: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश में ट्रेन हादसे में लोगों की मौत पर आज शोक व्यक्त किया और घटना को दुखद करार दिया। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, जगदलपुर-भुवनेश्वर एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं।

उन्होंने कहा, मैं ट्रेन हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि रेल मंत्रालय स्थिति पर करीब से नजर रखे हुए है और त्वरित राहत एवं बचाव अभियान सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहा है। हादसे में आंध्र प्रदेश के विजियानगरम जिले में ट्रेन के नौ डिब्बे पटरी से उतर गए। अब तक मिली खबरों के अनुसार इस ट्रेन हादसे में 32 लोगों की मौत हुई है और लगभग 100 अन्य घायल हुए हैं। रेलवे ने हादसे के पीछे किसी गड़बड़ी की आशंका जताई है।

आंध्रप्रदेश में हुए ट्रेन हादसे में मारे गए लोगों को सांत्वना देते हुए मोदी ने ट्वीट में कहा, मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने जगदलपुर-भुवनेश्वर एक्सप्रेस के पटरी से उतर जाने के कारण अपने प्रियजन खोये हैं। यह घटना दुखद है। मैं रेल दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। ओडि़शा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और घायल यात्रियों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश से आने वाले मंत्रियों के साथ स्थिति की समीक्षा की और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के लिए उनसे तत्काल दुर्घटना स्थल पर पहुंचने के लिए कहा।

नायडू ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, हम दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा, मैंने प्रशासन को राहत एवं बचाव अभियान संचालित करने का निर्देश दिया है। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने अपनी संवेदना जतायी है। उन्होंने मृतकों के परिवार को दो लाख रूपये की अनुग्रह राशि और गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार रूपये की घोषणा की है। सीपीआरओ ने कहा कि यह पता लगाने के लिए एक जांच का आदेश दे दिया गया है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।

एक अधिकारी ने कहा कि चूंकि दुर्घटना नक्सल प्रभावित क्षेत्र में हुई है, षड्यंत्र की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता और सभी पहलुओं की अच्छी तरह से जांच की जाएगी। रायगढ़ा के उप जिलाधिकारी मुरलीधर स्वैन ने बताया कि घायलों की संख्या 100 के करीब हो सकती है। हताहतों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई व्यक्तियों के ट्रेन के क्षतिग्रस्त डिब्बों में फंसे होने की आशंका है। मिश्रा ने बताया कि विजियानगरम और रायगढ़ा दोनों जिला प्रशासन बचाव अभियान में सक्रिय हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत