1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राजनाथ सिंह ने उरी आतंकी हमले की समीक्षा की

राजनाथ सिंह ने उरी आतंकी हमले की समीक्षा की

 Written By: Bhasha
 Published : Sep 18, 2016 02:30 pm IST,  Updated : Sep 18, 2016 02:30 pm IST

गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आज जम्मू-कश्मीर के उरी में 12वीं सेना बटालियन के हेडक्वार्टर पर हुए आतंकी हमले के मद्देनजर राज्य में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।

आतंकी हमले- India TV Hindi
आतंकी हमले

नई दिल्ली: गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आज जम्मू-कश्मीर के उरी में 12वीं सेना बटालियन के हेडक्वार्टर पर हुए आतंकी हमले के मद्देनजर राज्य में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित दोभाल, केंद्रीय गृहसचिव राजीव महर्षि, रक्षा सचिव जी मोहन कुमार और सेना एवं अद्र्धसैन्य बलों के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने आतंकी हमले के बाद राज्य की मौजूदा स्थिति से राजनाथ को अवगत कराया। इस हमले में 17 सैनिक शहीद हो गए हैं। आतंकी हमले में शामिल 4 आतंकियों को सेना ने मार गिराया था।

सूत्रों ने कहा कि गृहमंत्री ने निर्देश दिया कि सुरक्षा बलों को घाटी में सक्रिय आतंकवादियों के खिलाफ पूरी तरह आक्रामक हो जाना चाहिए। बैठक में शिरकत करने वाले लोगों में इंटेलिजेंस ब्यूरो, रॉ के प्रमुख, सैन्य अभियानों एवं सैन्य खुफिया विभाग के महानिदेशक शामिल थे।

उरी में हुए घातक आतंकी हमले और दो माह से भी ज्यादा समय से कश्मीर घाटी में चल रही अशांति के मद्देनजर गृहमंत्री पहले ही अपनी रूस एवं अमेरिका यात्रा स्थगित कर चुके हैं। 8 जुलाई को हिज्बुल मुजाहिद्दीन के आतंकी बुरहान वानी की मौत के बाद से ही घाटी में तनाव है।

हाल के वर्षों में सेना पर बोले गए घातक हमलों में से एक इस हमले में 17 जवान शहीद हो गए हैं और 19 अन्य घायल हो गए हैं। भारी हथियारों से लैस आतंकियों ने आज तड़के सेना के बटालियन मुख्यालय पर हमला बोला था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत