मुंबई: इधर यूपी में समाजवादी पार्टी अपने अंदरुनी झगड़े में ही घिरी हुई है उधर मुंबई में समाजवादी पार्टी के एक नेता अबु आजमी आज शर्मसार कर देने वाला बयान दे दिया। नए साल के जश्न के मौके पर बेंगलुरु की सड़कों पर हुड़दंगियों की भीड़ लड़कियों को सरेआम छेड़ रही थी, उन पर भद्दे-भद्दे कमेंट्स कर रही थी। परेशान लड़कियां मदद के लिए आधी रात को इधर-उधर भाग रही थी। हुड़दंगियों की करतूत से अफरातफरी मची हुई थी।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
बेंगलुरू की घटना पर आजमी का शर्मनाक बयान
इस घटना पर बेंगलुरु पुलिस की चौतरफा आलोचना हो रही है। कर्नाटक के गृह मंत्री के बेहूदा बयान की भी हर तरफ निंदा हो रही है लेकिन समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी तो इस शर्मनाक घटना पर भी दो कदम आगे बढ़ गए, उन्होंने लड़कियों को ही नसीहत दे डाली। लड़कियों की तुलना पेट्रोल से और हुडदंगियों की तुलना आग से कर डाली।
लड़कियों की तुलना 'पेट्रोल' से क्यों?
अबु आज़मी ने कहा कि ऐसी घटनाएं महिलाओं के मॉडर्न पहनावे के कारण होती हैं। उन्होंने अपने बयान में कहा, 'भाई या पति के बिना लड़की देर रात नया साल मनाने क्लब में जाएगी तो इसे सही कैसे ठहरा सकते हैं। ऐसे में उसकी सुरक्षा को लेकर खतरा होगा ही। आखिर गैर मर्द के साथ नया साल मनाने को कैसे सही कह सकते हैं।' उन्होंने लड़कियों की तुलना शक्कर और पेट्रोल से करते हुए कहा कि जहां शक्कर होगा वहां चींटियां आएगी हीं और जहां पेट्रोल होगा वहां आग लगेगी ही।
ऐसी ज़ुबान पर शर्मिंदा हिंदुस्तान
बेंगलुरु में महिलाओं से बदसलूकी की ये घटना 31 दिसंबर की रात महात्मा गांधी रोड और ब्रिगेड रोड पर हुई। उस वक्त नए साल का जश्न मनाने के लिए हजारों की तादाद में भीड़ जुटी हुई थी। इसी दौरान रात करीब 11 बजे हुड़दंगी लड़कियों से बदतमीजी करने लगे। फिलहाल तो पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल रही है लेकिन अब तक कोई भी आरोपी उसके हत्थे नहीं चढ़ा है।
हैरानी की बात तो ये है अबु आजमी ने इस घटना को परोक्ष रूप से जायज ठहरा दिया वो भी तब जबकि एक दिन पहले ही कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर भी इस घटना को सामान्य घटना बताकर चौतरफा हमला झेल चुके हैं।
एनसीडब्ल्यू ने कर्नाटक के गृहमंत्री, सपा नेता अबू आजमी को समन किया
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर और अबू आजमी को उनकी आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए आज सम्मन जारी किया। एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष ललिता कुमारमंगलम ने कहा, हमने दोनों (परमेश्वर और आजमी) को उनके बयानों के लिए समन किया है। घटना पर स्वत: संग्यान लेते हुए कुमारमंगलम ने डीजीपी, शहर पुलिस आयुक्त और गृह मंत्री को पत्र लिखकर जवाब मांगा है कि छेड़खानी की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ तुरंत क्या कदम उठाया गया है।