सूरत: सूरत में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के नेता प्रवीण तोगड़िया के चचेरे भाई समेत तीन लोगों के मर्डर के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए आरोपियों का नाम मेहुल भरवाड, लालू भरवाड और इमरान है।
क्या है ये पूरा मामला ?
गुजरात के सूरत शहर में कल रात ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई। तेज धारधार हथियारों से लैस बदमाशों ने एक-एक कर तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया। जबकि चौथे को गंभीर हालत में तड़पता छोड़कर भाग गए। तीन लोगों के कत्ल के खूनी खेल को सूरत शहर के आराधना अपार्टमेंट के कमरे में अंजाम दिया गया। मरने वालों में से एक विश्व हिंदू परिषद के नेता प्रवीण तोगड़िया के चचेरे भाई भरत तोगड़िया भी शामिल हैं। इनके अलावा बदमाशों ने दो अन्य लोग अशोक पटेल और बालू हिरानी को भी मौत के घाट उतार दिया।
तोगड़िया परिवार से जुड़े सदस्य की हत्या की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हाई प्रोफाइल होने की वजह से तुरंत मौके पर आला अफसरों के साथ पुलिस की बड़ी टीम पहुंच गई। डॉग स्क्वायड से मौके का मुआयना किया जाने लगा और नेताओं का भी जमावड़ा लगने लगा।
कैसे ट्रिपल मर्डर की वारदात को अंजाम दिया गया?
प्रवीण तोगड़िया के चचेरे भाई भरत तोगड़िया सूरत महानगर पालिका में नेता विपक्ष और कांग्रेस नेता प्रफुल्ल तोगड़िया के भाई थे। बताया जा रहा है कि रात करीब साढ़े आठ बजे भरत तोगड़िया अपने दो दोस्तों अशोक पटेल और बालू हिरानी के साथ दफ्तर में बैठे थे। तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और बालू हिरानी के साथ किसी लेन-देन पर बहस करने लगे। बहस के बीच ही उनमें से एक शख्स ने बालू हिरानी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक शुरू हुए इस खूनी खेल के बाद जब भरत तोगड़िया और उनके दोस्त ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो बदमाशों ने उनपर भी चाकुओं से हमला बोल दिया। पुलिस के मुताबिक हमलावर बालू हिरानी को ही मारने पहुंचे थे लेकिन बीच-बचाव करने में भरत तोगड़िया की भी मौत हो गई।
आगे की स्लाइड में देखे वीडियो-