नई दिल्ली: नोटबंदी की घोषणा के बाद नकदी के लिए एक ATM से दूसरे ATM की खाक छान रहे हैरान-परेशान लोगों को अब दर-दर भटकने की जरूरत नहीं है, क्योंकि एक ऐसी वेबसाइट लांच हुई है, जो आपको अपने आस-पास मौजूद ऐसे ATM बूथ की जानकारी देगी, जिनमें पैसे होंगे। उपयोगकर्ताओं से मिली ताजा जानकारी के आधार पर इस वेबसाइट 'www.cashnocash.com' पर यह जाना जा सकता है कि आपके नजदीक स्थित किस ATM में पैसे हैं, किस एटीएम के बाहर लंबी कतारें लगी हैं और और किस एटीएम में पैसे नहीं हैं।
(देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
इसके लिए आपको वेबसाइट में दी गई जगह में अपने इलाके का पिन कोड भर डालना है। पिन डालने के बाद 'फाइंड कैश' का बटन दबाते ही आपको अपने आस-पास स्थित सभी एटीएम मशीनों की मौजूदा स्थिति सामने आ जाएगी।
यह वेबसाइट उपयोगकर्ताओं से मिली ताजा जानकारी पर अपडेट होती है और किसी भी उपयोगकर्ता के दिए गए ATM के लिंक पर क्लिक करने पर तीन विकल्प सामने आते हैं- कैश, लॉन्ग वेट और नो कैश- जिनमें से किसी एक पर ताजा वस्तुस्थिति के अनुसार क्लिक कर अपडेट किया जा सकता है।