पंजाब के अजनाला सेक्टर में सीमा सुरक्षा बल ने तीन पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराकर घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी। ये तीनों मंगलवार सुबह अजनाला सेक्टर के शाहपुर पोस्ट से घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे। मारे गए घुसपैठियो के पास से पाकिस्तानी सिम वाले तीन मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। घुसपैठ की कोशिश सुबह चार बजे की गी थी। बल के (बॉर्डर रेंज) महानिरीक्षक अनिल पालिवाल ने तीनों के मारे जाने की पुष्टि की है।
सोमवार को भी बल ने जम्मू के कठुआ में हीरानगर एरिया की अतंरराष्ट्रीय सीमा पर ने 4 से 5 लश्कर आतंकियों की भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया था। ये आतंकी भारी संख्या में हथियारों के साथ भारत घुसने की कोशिश कर रहे थे। सूत्रों के मुताबिक हर आतंकी के पास 30 से 40 किलोग्राम का बैग था लेकिन बल के जवानों की मुस्तैदी की वजह से इन्हें वापस लौटना पड़ा।
बीएसएफ के डीजी ने हाल ही में यह बयान दिया था कि पाकिस्तान की ओर से आतंकी लगातार सीमा पार करने की कोशिश कर रहे हैं। खुफिया एजेंसियों ने यह अलर्ट जारी किया था और बीएसएफ के डीजी ने इसकी पुष्टि भी की थी।
खुफिया सूत्र के अनुसार सीमा पार पाकिस्तानी इलाको में लॉन्चिंग पैड पर आतंकी मौजूद हैं। ये आतंकी भारतीय एजेंटो की मदद से भारत में घुसने की फिराक में हैं। खुफिया रिपोर्ट की मानें तो जो फोन इंटरसेप्ट किए जा रहे हैं वह चिंताजनक है।