विवादित इस्लामिक स्कॉलर जाकिर नाइक को लेकर एक और बड़ा खुलासा हुआ है। कई देशों में प्रतिबंधित पीस टीवी को विदेशों से करोड़ों की फंडिंग होती थी। ये सनसनीखेज खुलासा पीस टीवी के ही पूर्व कर्मचारी और कभी जाकिर नाइक का सहयोगी रहे ज़ुबेर ख़ान ने किया है। उनका दावा है कि विदेशों से मिले फंड का इस्तेमाल ज़ाकिर समाजसेवा की जगह अपने और अपने परिवार के ऐशो आराम के लिए करता था। ज़ुबेर को ज़ाकिर के आतंकियों से कनेक्शन का भी शक़ है।
ज़ाकिर के संबंध आतंकियों से!
ज़ुबेर की मानें तो ज़ाकिर नाइक एक ढोंगी है और उसके ताल्लुकात आतंकियों से थे। ज़ुबेर के मुताबिक जब वो पीसी टीवी में काम करता था तब 2006 से सीरियल लोकल ब्लास्ट का संदिग्ध आतंकी राहिल IRF के दफ्तर में आता था।
ग़ैर-कानूनी तरीक से पीस टीवी की अपलिंकिंग
ज़ुबेर का आरोप है कि बैंगलोर से ग़ैर-कानूनी तरीक से पीस टीवी की अपलिंकिंग की गई। मुंबई के डोंगरी में IRF के दफ्तर से ही पीस टीवी चलता है। ग्लोबल ब्रॉडकास्टिंग कोर्पोर्शन और हारमनी मल्टीमीडिया जैसी बेनामी कंपनी बनाकर चैनल चलता है।
ज़ाकिर नाइक को करीब से जानने वाले एक और शख्स ने उन्हें कटघरे में खड़ा किया है...ऑल इंडिया मिल्ली काउंसलि के जनरल सेक्रेटरी एम ए खालिद, जो डोंगरी में ही रहते हैं, वो भी ज़ाकिर के कामकाज पर सवाल उठा रहे हैं।
जाकिर नाईक पर हुए नए खुलासे के बाद अब सिर्फ जाकिर के भाषणों पर ही नहीं.. एनजीओ इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन.. चैरिटेबल काम के लिए विदेशों से मिलने वाले फंड, फोन कॉल और ईमेल पर भी एजेंसियों की नज़र है। ज़ाकिर की विदेश यात्रा, फाइनेंसर्स और मीटिंग में आने वाले लोगों की भी पड़ताल की जा रही है।
अनलॉफुल एक्टिविटीज प्रीवेंशन एक्ट में संशोधन की तैयारी
जाकिर पर शिकंजा कसने के लिए सरकार अनलॉफुल एक्टिविटीज प्रीवेंशन एक्ट में संशोधन की तैयारी कर रही है जिसके तहत ज़ाकिर पर भड़काऊ भाषण देने के लिए बैन लगाया जा सकता है। फिलहाल किसी भी व्यक्ति पर बैन लगाने का कोई प्रावधान नहीं है।
जांच के जाल में ज़ाकिर
NIA, आईबी और दूसरी जांच एजेंसियों से जुड़ी 9 टीमें जाकिर नाइक की गतिविधियों की जांच कर रही हैं। जाकिर नाइक के वीडियो फुटेज और सीडी की तफ्तीश के लिए 4 टीमें बनाई गई हैं। 3 टीमें सोशल साइट्स पर गतिविधियों की पड़ताल में जुटी हैं। फेसबुक पोस्ट की जांच के लिए 2 टीमें बनी हैं..
ज़ाकिर नाइक को करीब से जानने वालों की मानें, तो वो इस तरह की चकाचौंध और जलसों से लोगों को आसानी से बरगला लेता था...और उसके समर्थकों की संख्या दिन ब दिन बढ़ती जा रही थी...लेकिन अब जाकिर नाइक को लेकर नए नए दावे सामने आ रहे हैं....अब देखना होगा कि जाकिर नाइक भारत लौटकर इन आरोपों पर क्या जवाब देते हैं।